Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

गौबा, भल्ला, संजय मिश्रा का युग समाप्त हुआ

source UNI

राजीव गौबा आखिरकार रिटायर हो गए। लगातार पांच साल तक देश के सर्वोच्च अधिकारी यानी कैबिनेट सचिव के पद पर रहने का रिकॉर्ड बना कर वे शुक्रवार यानी 30 अगस्त को रिटायर हुए। उनकी जगह टीवी सोमनाथन को कैबिनेट सचिव बनाया गया है। पहले भी कई कैबिनेट सचिव हुए, जिनको बार बार सेवा विस्तार मिला। मनमोहन सिंह के समय भी केएम चंद्रशेखर चार साल तक कैबिनेट सचिव रहे थे। लेकिन झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी राजीव गौबा ने सबका रिकॉर्ड तोड़ दिया। नौकरशाही का रिकॉर्ड रखने वाला कोई जानकार यह बता सकता है कि आज तक कोई आईएएस ऐसा हुआ है या नहीं, जो अपने कैडर वाले राज्य में मुख्य सचिव रहा हो, फिर केंद्र में गृह सचिव और उसके बाद कैबिनेट सचिव रहा हो। आईएएस बनने वाले जिन तीन में से कोई एक पद मिलने का सपना देखते हैं उन तीनों पर राजीव गौबा रहे।

राजीव गौबा से कुछ दिन पहले ही अजय कुमार भल्ला रिटायर हुए। उन्होंने भी पांच साल तक गृह सचिव रहने का रिकॉर्ड बनाया। वे अगस्त 2019 में देश के गृह सचिव नियुक्त हुए थे। उनसे पहले ललन प्रसाद सिंह छह साल तक गृह सचिव रहे थे। वे जनवरी 1971 में रिटायर हुए थे और बाद में कई राज्यों के राज्यपाल रहे। भल्ला ने 50 साल से ज्यादा पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। उनको भी चार बार सेवा विस्तार मिला। उनकी जगह गोविंद मोहन को नया गृह सचिव बनाया गया है। इसी तरह भारत सरकार ने राहुल नवीन को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के स्थायी निदेशक के तौर पर नियुक्त कर दिया है। वे संजय कुमार मिश्र की जगह कामकाज संभाल रहे थे। मिश्र को भी सुप्रीम कोर्ट के बेहद सक्रिय दखल के बाद हटाया जा सका था। उनका कार्यकाल जारी रखने के लिए तो सरकार ने सीबीआई और ईडी के निदेशकों को पांच साल तक सेवा विस्तार देने का नया कानून ही बना दिया था।

Exit mobile version