Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

यूपी का राज्यपाल नहीं बदलेगा!

छह राज्यों के राज्यपाल बदल गए हैं। दो राज्यपालों के राजभवन बदले हैं, जबकि चार नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। पिछले कई दिनों से राज्यपाल और उप राज्यपाल बदले जाने की चर्चा चल रही थी। लेकिन जिस राज्य में बदलाव की सबसे ज्यादा चर्चा थी वहां बदलाव नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश के राजभवन में ऐसा लग रहा है कि अभी आनंदी बेन पटेल रहेंगी। वे पांच साल से ज्यादा समय से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल हैं। उससे पहले दो साल वे मध्य प्रदेश की भी राज्यपाल रही थीं। गुजरात के मुख्यमंत्री पद से हटने के कुछ दिन बाद ही वे राज्यपाल बनी थीं और पिछले सात साल से ज्यादा समय से राज्यपाल हैं।

पिछले महीने जब वे लंबी छुट्टी पर गईं तो कहा गया कि अब उनकी विदाई तय हो गई है। उससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर में जाकर वहां शिक्षा व्यवस्था और यूनिवर्सिटी के हालात पर बहुत तीखी टिप्पणी की थी। उससे भी उनके हटने का अंदाजा लगाया जा रहा था। लेकिन वे 10 दिन की छुट्टी पर रहीं और किसी अन्य राज्यपाल को उत्तर प्रदेश का प्रभार नहीं दिया गया। उन्होंने लौट कर कार्यभार संभाल लिया। जब वे छुट्टी पर गई थीं तब सूत्रों के हवाले से खबर आ रही थी कि किसी बड़े ब्राह्मण नेता को लखनऊ राजभवन में लाया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब चार महीने बाद चुनाव होने वाले हैं। देखना है कि आनंदी बेन पटेल ही चुनाव तक रहती हैं या कोई नया चेहरा लाया जाता है।

Exit mobile version