Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमरिंदर सिंह की मौजूदगी खास थी

क्या पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह तीन महीने बाद होने वाले पंजाब चुनाव से पहले कोई जोखिम ले सकते हैं? य़ह बड़ा सवाल है। एक बार अपनी पार्टी का भाजपा में विलय करने के बाद वे पार्टी छोड़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। इसके कई कारण बताए जा रहे हैं, जिनमें एक कारण केंद्रीय एजेंसियों की जांच का भय भी है। गौरतलब है कि उनकी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर के खिलाफ जांच चल रही है। कहा जा रहा है कि उनके बेटे को लेकर भी कोई मामला है। लेकिन एक एडवांटेज यह है कि अगर वे अभी भाजपा छोड़ते हैं तो चुनाव तक शायद कोई कार्रवाई नहीं हो क्योंकि उसका उलटा असर हो सकता है।

बहरहाल, यह अटकल इसलिए लगाई जा रही है क्योंकि सोमवार, 16 नवंबर को सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में अमरिंदर सिंह भी मौजूद थे। हालांकि उनकी पत्नी उनके साथ नहीं थीं। राहुल गांधी ने अपने भाषण में खासतौर से अमरिंदर सिंह का जिक्र किया। पहले वे कह चुके हैं कि ‘अमरिंदर अंकल’ उनको बहुत अच्छे नेता लगते हैं। अगर चुनाव से ऐन पहले अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी होती है तो इसका बहुत बड़ा असर पंजाब चुनाव पर होगा। 2022 के चुनाव से छह महीने पहले अमरिंदर सिंह को हटाने का कांग्रेस को बड़ा भारी नुकसान हुआ था। उसी अनुपात में इस बार फायदा हो सकता है।

Exit mobile version