Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बांकीपुर में जय श्रीराम का नारा नहीं लग रहा है

बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। यह भाजपा की परंपरागत सीट है और इसलिए उसके लिए प्रतिष्ठा का मुकाबला है। वैसे भी राज्य में भाजपा की पहली सरकार बनने के बाद यह पहला चुनाव हो रहा है। सो, भाजपा की सम्राट चौधरी सरकार के एक सौ दिन के कामकाज पर जनमत संग्रह की तरह यह चुनाव लड़ा जा रहा है। दूसरी खास बात यह है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पांच बार से इस सीट से जीत रहे थे और राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया। उसी वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। तीसरी खास बात यह है कि देश के जाने माने चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

इतनी प्रतिष्ठा की सीट पर भाजपा सारे दांव आजमा रही है लेकिन हैरानी की बात है कि चुनाव प्रचार में भाजपा के नेता जय श्रीराम के नारे नहीं लगा रहे हैं। अगर कहीं इक्का दुक्का किसी ने नारा लगाया तो ठीक है अन्यथा इस पर खामोशी है। अब तक भाजपा हर चुनाव में जुलूस और प्रचार के दौरान जय श्रीराम के नारे लगाती है। खास कर शहरी इलाकों में। बांकीपुर में इसलिए जय श्रीराम का नारा नहीं लग रहा है क्योंकि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के कारण भाजपा के नेता बैकफुट पर हैं। उनको लग रहा है कि अगर नारा लगाया तो लोग चढ़ावा चोरी के बारे में भी पूछ सकते हैं। लोग नहीं पूछेंगे तब भी विपक्षी पार्टियों के नेता सवाल उठाएंगे।

Exit mobile version