Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में ट्रेड फेयर अब 13 से ही शुरू होगा

दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन 1980 से हो रहा है। दिल्ली के प्रगति मैदान में हर साल 14 नवंबर को मेला शुरू होता है और 27 नवंबर तक चलता है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों के लिए यह सालाना आयोजन एक बड़े आकर्षण वाला आयोजन होता है। युवा बड़ी संख्या में इसमें जाते हैं। पिछले कुछ समय से यह एक बड़े व्यापारिक आयोजन में बदल गया है। देश भर के व्यापारी अपने उत्पादों के प्रचार के लिए इस मेले में पहुंचते हैं। राज्यों के पैवेलियन अलग होते हैं, जहां राज्यों की संस्कृति, धर्म, कला, व्यापार आदि की जानकारी दी जाती है।

इस साल भी मेले का आय़ोजन होगा लेकिन इस साल यह मेला 13 नवंबर से ही शुरू होगा। आयोजन शुरू होने के 46 साल के बाद और केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के 12 साल बाद तारीख बदली गई है। ध्यान रहे 14 नवंबर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन है। हालांकि इस बात का बहुत प्रचार नहीं किया जाता है कि नेहरू के जन्मदिन के मौके पर व्यापार मेला शुरू होता है। फिर भी इसकी तारीख बदल दी गई। नेहरू मेमोरियल एंड म्यूजियम सहित कई चीजों के नाम पहले बदले जा चुके हैं। केंद्र सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की तीन योजनाओं से इंदिरा गांधी का नाम हटाया है।

Exit mobile version