Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी

ट्रिपल इंजन

दिल्ली में इस महीने के अंत तक ट्रिपल इंजन की सरकार बन जाएगी। दिल्ली के नए मेयर के चुनाव की तारीख तय हो गई है। 21 अप्रैल तक नामांकन दाखिल करना है औरर 25 अप्रैल को चुनाव होगा। पिछली बार बड़ी मुश्किल से तीन वोट से आम आदमी पार्टी के महेश खींची चुनाव जीते थे। लेकिन उसके बाद से दिल्ली में बहुत कुछ बदल गया।

दिल्ली में भाजपा की सरकार आ गई और आम आदमी पार्टी के अनेक पार्षदों ने पाला बदल लिया। अब कांग्रेस का भी कोई सद्भाव आम आदमी पार्टी के प्रति नहीं है। ध्यान रहे कांग्रेस के आठ पार्षद हैं और बहुत संभव है कि इस बार वे वोटिंग में हिस्सा नहीं लें। कांग्रेस के पार्षद भाजपा को वोट नहीं कर सकते हैं लेकिन विधानसभा चुनाव में आप के साथ जैसी कटुता बनी उसमें इस बात की कोई संभावना नहीं है कि वह आप को वोट करे। हालांकि कांग्रेस के वोट के बावजूद इस बार आप उम्मीदवार का जीतना संभव नहीं होगा।

ढाई सौ सदस्यों वाले दिल्ली नगर निगम में अभी भाजपा के 116 पार्षद हैं और आम आदमी पार्टी के 114 हैं। कांग्रेस के आठ हैं और 12 सीटें खाली हैं। लेकिन इन सदस्यों के अलावा दिल्ली विधानसभा के स्पीकर की ओर से मनोनीत 14 विधायक चुनाव में वोट करेंगे। इनमें से 11 विधायक भाजपा के हैं। ऊपर से दिल्ली के सातों लोकसभा सांसद और तीन राज्यसभा सांसद भी वोट करेंगे। गौरतलब है कि सात लोकसभा सांसद भाजपा के हैं और तीनों राज्यसभा सांसद आप के हैं। इन सबको जोड़ कर भाजपा की संख्या 134 हो जाती है, जबकि आम आदमी पार्टी की संख्या 120 पहुंचती है।

Also Read: भारत रत्न भीमराव अंबेडकर के विचारों को सबको अपनाना चाहिए: चिराग पासवान

तभी उसे कांग्रेस के आठ वोट मिल जाएं तब भी वह चुनाव नहीं जीत सकती है। सो, केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बाद अब दिल्ली नगर निगम भी भाजपा के कब्जे में जाएगी। तभी दिल्ली के लोगों को उम्मीद करनी चाहिए कि ट्रिपल इंजन की सरकार दिल्ली की सारी समस्याओं को खत्म कर देगी। लेकिन भाजपा की सरकारों का समस्याओं को खत्म करने का अपना ही तरीका है। जैसे उसने मध्य प्रदेश में बेरोजगार युवकों को आकांक्षी युवक कह कर बेरोजगारी खत्म कर दी।

Pic Credit: ANI

Exit mobile version