Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तृणमूल टूटने का मुंबई कनेक्शन

तृणमूल कांग्रेस के चुनाव हारने के बाद से ममता बनर्जी की मुश्किलें खत्म नहीं हो रही हैं। उनकी पार्टी बुरी तरह से टूटी है। 80 में से करीब 65 विधायक एक अलग गुट बना चुके हैं तो 28 में से 20 लोकसभा सांसदों का भी एक अलग गुट बन चुका है। 13 में से चार राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं। जल्दी ही और भी सांसद इस्तीफा देने वाले हैं। कहा जा रहा है कि ममता बनर्जी की पार्टी अभी और टूटेगी। कुछ और लोकसभा सांसद पाला बदल सकते हैं। यह दिलचस्प है कि घटनाक्रम पश्चिम बंगाल है और पटकथा मुंबई व दिल्ली में लिखी जा रही है। जानकार सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी शिव सेना के सुप्रीमो एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे इसमें बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से श्रीकांत शिंदे की राजनीति पर नजर रखने वाले हैरान हैं। उन्होंने किस तरह से उद्धव ठाकरे की पार्टी तोड़ी उसकी बहुत चर्चा है। कैसे ओमराजे निंबालकर अकेले दिल्ली लाए गए और स्पीकर ओम बिरला से मिले और उसके बाद किस तरह बाकी पांच सांसद लाए गए वह कहानी दिलचस्प है। वह सब कुछ श्रीकांत शिंदे कर रहे थे। आने वाले दिनों में उनकी राजनीति पर नजर रखने की जरुरत है। महाराष्ट्र से एक नए सितारे का उदय हो रहा है।

बहरहाल, अब खबर है कि ममता बनर्जी की पार्टी फिर से टूटती है तो उसके पीछे भी श्रीकांत शिंदे होंगे। जानकार सूत्रों का कहना है कि ममता बनर्जी के प्रति सबसे ज्यादा प्रतिबद्ध दिख रहीं महिला सांसद महुआ मोइत्रा उनके संपर्क में हैं। यहां तक कहा जा रहा है कि श्रीकांत शिंदे ने महुआ मोइत्रा को पाला बदलने के लिए तैयार कर लिया है। हालांकि यह पता नहीं है कि तृणमूल की अगली टूट कब होगी लेकिन जो टाइमलाइन है वह संसद के मानसून सत्र से आगे नहीं जा रही है। कहा जा रहा है कि मानसून सत्र में सरकार पूरे सदन की संख्या यानी लोकसभा के 543 की संख्या के दो तिहाई के बराबर बहुमत जुटा लेगी। इसका मतलब है कि 360 सांसद समर्थन में होंगे।

Exit mobile version