Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कार्नी को बुलाने का क्या अर्थ

भारत सरकार कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को अगले साल गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित करने पर विचार कर रही है। जानकार सूत्रों के हवाले से यह खबर आई है कि अगले साल 26 जनवरी को कार्नी को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि वे कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो सकते हैं। अगर भारत यह फैसला करता है और कार्नी तैयार होते हैं तो यह एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम हो जाएगा।

ध्यान रहे मार्क कार्नी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अभियान छेड़ा है। उन्होंने ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ अमेरिका पर टैरिफ लगाया है। कार्नी ने डॉलर टू डॉलर टैरिफ लगाने का ऐलान किया। यानी जितना अमेरिका टैरिफ लगाएगा उतना ही कनाडा भी लगाएगा। इससे पहले ट्रंप ने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य कहना शुरू कर दिया था। जस्टिन ट्रूडो के साथ ट्रंप का विवाद शुरू हुआ था जो अभी तक चल रहा है। ट्रंप का विरोध करके ही कार्नी चुनाव जीते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप का रवैया देखने के बाद कार्नी ने यूरोपीय देशों के साथ अपने व्यापारिक व कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने का प्रयास शुरू किया है। वे नई संधियां कर रहे हैं। भारत का उनको बुलाना अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए बड़ा संदेश होगा।

Exit mobile version