Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सतीशन क्या विजयन के ऊपर केस करेंगे?

यह लाख टके का सवाल है कि क्या केरलम की कांग्रेस सरकार पूर्व मुख्यमंत्री और केरलम विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष पिनरायी विजयन के ऊपर मुकदमा दर्ज करेगी? केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने राज्य सरकार से कहा है कि वह भ्रष्टाचार के मामले में विजयन के ऊपर मुकदमा दर्ज करे। ईडी ने एक लेटर भेज कर राज्य सरकार से कहा है कि वे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी से केस दर्ज कराए। गौरतलब है कि ईडी बिना काम किए भुगतान के मामले में पिनरायी विजयन की बेटी की कंपनी की जांच कर रही है। ईडी चाहती है कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विजयन के साथ साथ उनकी बेटी और उनके दामाद के ऊपर भी मुकदमा करे। आरोप हैं कि विजयन की सरकार के समय मुख्यमंत्री की बेटी की कंपनी को ऐसे काम के लिए सरकारी खजाने से भुगतान किया गया, जो काम हुआ ही नहीं था।

बहरहाल, मुकदमा करने को लेकर कांग्रेस पार्टी दुविधा में है और राज्य सरकार की स्थिति सांप छुछुंदर वाली है। अगर मुख्यमंत्री वीडी सतीशन की सरकार मुकदमा दर्ज नहीं करती है तो भाजपा को यह कहने का मौका मिलेगा कि कांग्रेस और लेफ्ट दोनों एक हैं। इससे भाजपा प्रदेश की राजनीति में अपना प्रभाव बढ़ाएगी। दूसरी ओर अगर कांग्रेस की सरकार मुकदमा दर्ज कर लेती है तो सीपीएम को मौका मिलेगा कि कांग्रेस और भाजपा मिले हुए हैं। सीपीएम इस बात का मुद्दा बना सकती है कि केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर राज्य की कांग्रेस सरकार प्रदेश के सबसे बड़े कम्युनिस्ट नेता के ऊपर मुकदमा दर्ज कर रही है। तभी मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा है कि इस मामले को राजनीति के चश्मे से देखने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार कानूनी राय ले रही है और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद इस बारे में फैसला करेगी।

Exit mobile version