रियल पालिटिक्स

भाजपा के तीनों सांसद रिपीट होंगे

ByNI Political,
Share
भाजपा के तीनों सांसद रिपीट होंगे
उत्तर प्रदेश से इस साल नवंबर में रिटायर हो रहे राज्यसभा सांसदों में भाजपा के तीन सांसद हैं। ये तीनों उपचुनाव में सांसद बने थे। केंद्रीय मंत्री बनाए गए पूर्व आईएएस अधिकारी हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी से छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए नीरज शेखर और भाजपा के महासचिव अरुण सिंह तीनों को अलग अलग कारणों से हुए उपचुनाव में राज्यसभा भेजा गया था। इन तीनों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। भाजपा के जानकार नेताओं का कहना है कि इस बार पूर्ण कार्यकाल के लिए तीनों को फिर से राज्यसभा में भेजा जाएगा। नीरज शेखर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे हैं और लोकसभा का चुनाव हारने के बाद समाजवादी पार्टी ने उनको राज्यसभा में भेजा था। उन्होंने और सपा और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद भाजपा ने उपचुनाव में उनको राज्यसभा में भेजा। राज्यसभा में अपनी संख्या बढ़ाने के लिए भाजपा ने सपा के एक और सांसद संजय सेठ का इस्तीफा कराया था और उनको राज्यसभा में भेजा था। उनका कार्यकाल 2022 तक है। बहरहाल, हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर और अरुण सिंह के अलावा भाजपा को पांच या छह नए चेहरे राज्यसभा में भेजने है। यह देखना दिलचस्प है कि किसकी किस्मत खुलती है।
Published

और पढ़ें