रियल पालिटिक्स

चुनाव की तैयारी में सिद्धू से दोस्ती!

ByNI Political,
Share
चुनाव की तैयारी में सिद्धू से दोस्ती!
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने वह किया, जो वे आमतौर पर नहीं करते हैं। वे पार्टी में किसी नेता की परवाह नहीं करते हैं। क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू नाराज हुए तो करीब एक साल से कैप्टेन ने उनकी परवाह नहीं की। लेकिन अब महाराजा पटियाला कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने अपनी तरफ से चल रह सिद्धू को लंच पर बुलाया और बुधवार को उनके साथ देर तक दोपहर के भोजन पर राजनीतिक चर्चा करते रहे। पंजाब में इसे बहुत अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। यह भी जानकार सूत्रों का कहना है कि इस बार पहल खुद मुख्यमंत्री ने की थी। ऐसा नहीं है कि उनको राहुल या प्रियंका गांधी की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू को मनाने के लिए कहा गया था। ध्यान रहे सिद्धू दोनों भाई-बहन की पसंद हैं, इसके बावजूद वे सरकार से बाहर हैं। बहरहाल, कहा जा रहा है कि कैप्टेन अमरिंदर सिंह की सरकार में सिद्धू की वापसी हो सकती है। अगले कुछ दिन में कैबिनेट विस्तार की चर्चा है, जिसमें सिद्धू वापस अपने पुराने स्थानीय निकाय मंत्रालय के साथ शामिल हो सकते हैं। लेकिन इस दोस्ती का असली मकसद चुनावी तैयारी है। ऐसा लग रहा है कि अमरिंदर सिंह समय से पहले चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। किसान आंदोलन और किसानों की नाराजगी का अधिकतम फायदा लेने के लिए वे समय से पहले चुनाव करा सकते हैं। तभी माना जा रहा है कि उन्होंने बिल्कुल सही समय पर सिद्धू को पटाने का दांव चला है। सिद्धू ने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है और वे किसान विरोध के मुखर चेहरे के तौर पर भाषण कर सकते हैं। महीनों से हाशिए में पड़े सिद्धू को भी इस चुनावी दोस्ती से कोई ऐतराज नहीं है।
Published

और पढ़ें