यह भारत के लिए बड़ी शर्म की बात है कि अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत यात्रा करते समय सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। इस तरह की चेतावनी पहले भी जारी होती रही है और दूसरे देशों के लिए भी जारी होती है। लेकिन ऐसा आमतौर पर किसी खास स्थिति में ही होता है। जैसे देश में कोई आंदोलन चल रहा हो, कहीं दंगे भड़के हों तब अमेरिका या दूसरे देश अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी करते हैं। लेकिन इस समय भारत में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। यह शांति काल चल रहा है और यह माना जा रहा है कि सरदार पटेल के बाद सबसे शक्तिशाली गृह मंत्री भारत को मिल है। उसकी सख्ती से कश्मीर से कन्याकुमारी तक शांति बहाल हो गई है। इसके बावजूद अमेरिका ने अपने नागरिकों को सावधानी बरतने को कहा है और यह भी कहा कि वे जम्मू कश्मीर न जाएं।
अमेरिका ने अपने नागरिकों को जो चेतावनी दी हैं उसमें खासतौर से महिलाओं को चेतावनी दी है और भारत में बढ़ते बलात्कार और यौन हिंसा की जानकारी दी है। सोचें, यह कितनी शर्मनाक बात है कि एक सभ्य देश अपनी महिलाओं को भारत आने पर चेतावनी दे रहा है! अमेरिका ने सुरक्षा की चार श्रेणियों में भारत को लेवल दो की श्रेणी में रखा है और पाकिस्तान को लेवल तीन में। दोनों देशों में ज्यादा का फर्क नहीं हैं। लेकिन एक अराजक और विफल देश है तो दूसरा विश्वगुरू होने का दावा करने वाला देश है। लेकिन अमेरिका की नजर में दोनों एक जैसे देश हैं। सो, भारत को यह इमेज ठीक करने के लिए जल्दी से जल्दी कुछ करना होगा।