रियल पालिटिक्स

झारखंड में कौन होगा प्रदेश अध्यक्ष?

ByNI Political,
Share
झारखंड में कौन होगा प्रदेश अध्यक्ष?
बाबूलाल मरांडी के भाजपा में वापस आ जाने के बाद प्रदेश में इस बात को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं कि पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष कौन बनेगा। यह लगभग तय माना जा रहा है कि मरांडी पार्टी के विधायक दल के नेता बनेंगे और इस नाते उनको नेता प्रतिपक्ष का पद मिलेगा। हालांकि उसमें भी पेंच यह है कि उनकी पार्टी के दो विधायकों के कांग्रेस में विलय करने के बाद उनकी सदस्यता का मामला खड़ा हो सकता है। अगर पार्टी छोड़ने वाले दोनों विधायकों ने दलबदल का मामला उठा कर स्पीकर के पास शिकायत की तो मरांडी की सदस्यता पर खतरा हो सकता है। तभी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे से खाली हुई एक सीट दुमका से मरांडी खुद चुनाव लड़ सकते हैं। बहरहाल, उससे ज्यादा कयास अध्यक्ष पद को लेकर है। अध्यक्ष पद के लिए झारखंड के एक दर्जन नेता दावेदार बताए जा रहे हैं। पार्टी के अध्यक्ष रह चुके पूर्व सांसद रविंद्र राय को मरांडी की पसंद माना जा रहा है। ध्यान रहे वे पहले पार्टी छोड़ कर मरांडी के साथ गए थे पर फिर वापस लौट आए थे। उनके अलावा युवा और तेजतर्रार नेता अनंत ओझा को भी अध्यक्ष पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री सरयू राय की ओर से रांची के सांसद संजय सेठ का नाम चर्चा में लाया गया है और राज्यसभा सांसद समीर उरांव भी दावेदार बताए जा रहे हैं। पर अगर मरांडी विधायक दल के नेता बनते हैं तो लक्ष्मण गिलुआ की जगह किसी गैर आदिवासी को ही अध्यक्ष बनाया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक प्रकाश भी एक मजबूत दावेदार हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे दीपक प्रकाश बहुत पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भी काम कर चुके हैं। बाबूलाल मरांडी के साथ भी उनके संबंध बहुत अच्छे हैं। सो, उनको आम सहमति का उम्मीदवार माना जा रहा है।
Published

और पढ़ें