रियल पालिटिक्स

नेहरू जयंती पर कांग्रेस की बड़ी तैयारी

ByNI Political,
Share
नेहरू जयंती पर कांग्रेस की बड़ी तैयारी
कांग्रेस पार्टी पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती यानी 14 नवंबर के लिए बड़ी तैयारी कर रही है। हाल में इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि बीती है, जिसकी ज्यादा चर्चा नहीं हुई। इस बार 31 अक्टूबर को पूरे देश में सरदार वल्लभ भाई पटेल याद किए गए, जिनकी उसी दिन जयंती थी। यहां तक पंजाब में कांग्रेस की सरकार ने भी इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर प्रिंट मीडिया में विज्ञापन नहीं दिया, जिसे लेकर सवाल भी उठे। तभी अब कांग्रेस ने नेहरू जयंती के मौके पर बड़े कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। वैसे कांग्रेस ने पिछले महीने कार्य समिति की बैठक में ही तय किया था कि महंगाई के खिलाफ 14 नवंबर से आंदोलन होगा। इसकी रूपरेखा अब बनाई जा रही है।

Read also भारत प्रदूषणमुक्त कैसे हो?

कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर दो हफ्ते तक चलने वाली गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की है। इसके मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को गांवों में जाना है, पदयात्रा करनी है और अगर संभव हो तो गांवों में रूकना है। गांव में लोगों को महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में बताने और पदयात्रा को खास महत्व दिया जा रहा है। कांग्रेस कार्य समिति के नेताओं को भी इस बारे में निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस के बड़े नेता अलग अलग राज्यों में जाकर प्रेस कांफ्रेंस करेंगे और सरकार की आर्थिक नीतियों के बारे में जानकारी देंगे। हालांकि पेट्रोल, डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती होने से कांग्रेस के आंदोलन की धार कमजोर हुई है। अगर कांग्रेस ने पिछले महीने ही यह आंदोलन किया होता तो कटौती का श्रेय ले सकती थी।
Published

और पढ़ें