
BJP Attack Congress : पूरी भारतीय जनता पार्टी इस समय कांग्रेस के पीछे पड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर सभी केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर तमाम नेता कांग्रेस पर हमले कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है, जैसे कांग्रेस पार्टी केंद्र की सरकार में है और भाजपा विपक्ष में!
हालांकि ऐसा नहीं है कि भाजपा बरसों तक विपक्ष में रहने की वजह से बनी विपक्षी मानसिकता के कारण ऐसा कर रही है, बल्कि एक सुनियोजित रणनीति के तहत भाजपा और केंद्र सरकार दोनों अपने ऊपर लगे आरोपों या अपनी कमजोरियों को कांग्रेस के सर मढ़ने की राजनीति ( BJP Attack Congress ) कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: येदियुरप्पा ने शुरू की दबाव की राजनीति
अन्यथा कोई कारण नहीं है कि इजराइल के बने पेगासस जासूसी सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल के खुलासे से हुए विवाद में कांग्रेस पर हमला किया जाए। अमित शाह ने इसे कांग्रेस की साजिश बताया और कहा कि वह देश का विकास रोकने के लिए ऐसा कर रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक कथित प्रेस कांफ्रेंस की, जिसमें 11 मिनट तक भाषण दिया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर हमला किया। इस कथित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जासूसी कराने का रहा है।
यह भी पढ़ें: मणिपुर में कांग्रेस का संकट
सोचें, क्या कांग्रेस पार्टी अब भी इतनी मजबूत है कि वह दुनिया भर के देशों को कंट्रोल कर रही है? उसने एमनेस्टी इंटरनेशनल को मैनेज किया और पेरिस स्थिति नॉन प्रोफिट संस्था फॉरबिडेन स्टोरीज को मैनेज किया और 18 देशों के पत्रकार समूहों को मैनेज करके इजराइली जासूसी सॉफ्टवेयर पेगासस के इस्तेमाल की खबर लीक कराई? उसके बाद कांग्रेस ने अमेरिका में ‘वाशिंगटन पोस्ट’ से लेकर फ्रांस के ‘ले मोंडे’ तक को मैनेज किया कि वे इसे प्रकाशित करें और दुनिया में इसकी खबर बने? कांग्रेस की ऐसी हैसियत होती तो वह सचमुच सत्ता में होती। सबको पता है कि कांग्रेस ऐसा कुछ भी करने की स्थिति में ही नहीं है।
पेगासस बनाने वाली कंपनी ने कहा हुआ है वह सिर्फ सरकारों को यह सॉफ्टवेयर बेचती है इसी वजह से भारत सरकार निशाने पर है तभी अपने से ध्यान हटाने के लिए शोर मचा कर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा कर रही है।
यह भी पढ़ें: नगालैंड में नहीं रहेगा विपक्ष!
इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद सत्र के दौरान मंगलवार को पार्टी की संसदीय दल की बैठक की तो कांग्रेस पर जम कर हमला किया। अपने सांसदों से कहा है कि वे लोगों को सत्य बताएं। सोचें, पूरे देश में लाखों की संख्या में होर्डिंग्स लगे हैं, जिन पर प्रधानमंत्री की फोटो के साथ सबको वैक्सीन, मुफ्त वैक्सीन का नारा लिखा है। प्रधानमंत्री खुद हर दिन कहीं न कहीं भाषण देकर अपना सत्य देश को सुनाते हैं। फिर भी कांग्रेस इतनी भारी पड़ रही है कि वह इन सबको दबा दे रही है और अपना झूठ प्रचारित करवा दे रही है! एक तरफ खुद ही भाजपा के नेता कहते हैं कि देश की जनता ने कांग्रेस को ठुकरा दिया है, भाजपा ने दो-दो बार हराया है, कांग्रेस अपनी साख खो चुकी है फिर भी प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि कांग्रेस लोगों को झूठ समझा दे रही है इसलिए सांसदों को जाकर लोगों को सत्य बताना चाहिए!