
पश्चिम उत्तर प्रदेश की 58 सीटों पर 10 फरवरी को वोट डाले जाएंगे लेकिन उससे करीब 20 दिन पहले ही भाजपा एजेंडा तय कर रही है। इस लिहाज से 22 जनवरी का दिन सबसे अहम रहा। शनिवार को भाजपा के चार दिग्गज नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौजूद थे और उन्होंने अगले 20 दिन के चुनाव प्रचार का एजेंडा तय किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रचार का एजेंडा यहीं है कि राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद से हिंदुओं का पलायन रूका है। सहारनपुर से लेकर कैराना तक भाजपा का यहीं एजेंडा है। Carpet Bombing Western UP
Read also पाकिस्तान से रिश्ते सुधरने की सोचे ही नहीं!
भाजपा के पक्ष में वोट गोलबंद करने और नाराज जाटों को मनाने के लिए शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उतरे। वे शनिवार को कैराना पहुंचे और डोर टू डोर कैंपेन किया। इससे पहले भी वे कैराना गए थे और हिंदुओं को पलायन की याद दिलाई दी थी। शनिवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहुंचे और बिजनौर में पार्टी के लिए प्रचार किया। उसी समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में थे तो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहारनपुर में पार्टी का प्रचार कर रहे थे। इस तरह कायदे से प्रचार शुरू होने से पहले ही भाजपा के चार दिग्गज नेताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में डेरा डाला और भाजपा के प्रचार का एजेंडा तय किया।