छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाजपा ने तीन सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। ये तीनों उम्मीदवार दूसरी पार्टियों के हैं। हरियाणा की आदमपुर, उत्तर प्रदेश की गोला गोरखनाथ और तेलंगाना की मुनुगोडा सीट के उम्मीदवार ओरिजनली भाजपा के नहीं हैं। यह भी खास बात है कि किसी न किसी समय ये तीनों या इनका परिवार कांग्रेस से भी जुड़ा रहा है। दो सीटें तो ऐसी हैं, जो कांग्रेस के विधायकों के इस्तीफे से ही खाली हुई है और भाजपा ने उसी कांग्रेस विधायक ये उसके परिजन को टिकट दिया है। हालांकि पार्टी में इसको परिवारवाद नहीं माना जाता है।
बहरहाल, भाजपा ने हरियाणा की आदमपुर सीट पर कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे से ही खाली हुई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भव्य बिश्नोई हिसार लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर लड़े थे। हिसार लोकसभा में ही आदमपुर विधानसभा सीट आती है। तभी भव्य बिश्नोई को भाजपा की टिकट मिलने के बाद से लोकसभा चुनाव में दिए उनके भाषण वायरल हो रहे हैं, जिसमें वे जम कर भाजपा पर हमला बोल रहे है और राज्य की बरबादी के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
भाजपा ने तेलंगाना की मुनुगोडा सीट पर राजगोपाल रेड्डी को टिकट दिया है। वे कांग्रेस पार्टी की टिकट से जीते थे और उनके इस्तीफे से ही यह सीट खाली हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद जाकर मुनुगोडा में रैली की थी और राजगोपाल रेड्डी को भाजपा में शामिल कराया था। पार्टी ने अब उनको टिकट दी है। उत्तर प्रदेश की गोला गोरखनाथ सीट भाजपा के विधायक अरविंद गिरि के निधन से खाली हुई है और पार्टी ने उनके 26 साल के बेटे अमन गिरि को टिकट दी है। अरविंद गिरी पहले तीन बार 1996, 2002 और 2007 में समाजवादी पार्टी के विधायक रहे थे और 2012 में कांग्रेस की टिकट से चुनाव लड़े थे। बाद में वे भाजपा में चले गए थे।