रियल पालिटिक्स

नवजोत सिद्धू को नई जिम्मेदारी मिलेगी

ByNI Political,
Share
नवजोत सिद्धू को नई जिम्मेदारी मिलेगी
पूर्व क्रिकेटर और पंजाब के कांग्रेस विधायक नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में विधानसभा का चुनाव खत्म होने के बाद उनको अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में शामिल किया जाएगा। संभव है कि नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद ऐसा हो पर यह तय है कि सिद्धू अब कांग्रेस की अखिल भारतीय राजनीति करेंगे। ज्यादा संभावना इस बात की है कि कांग्रेस में उनको राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया जाए। वे अच्छे वक्ता हैं और टेलीविजन चैनलों में उनकी मांग भी रहती है। इसलिए उनको प्रवक्ता बनाने से कांग्रेस को फायदा होगा। वैसे बताया जा रहा है कि सिद्धू की इच्छा पंजाब की राजनीति में ही रहने की है पर मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने उनको पंजाब से बाहर किया हुआ है। कैप्टेन सरकार के मंत्रियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोला था। वे सरकार बनने के बाद करीब दो साल तक मंत्री रहे थे पर धीरे धीरे प्रदेश की राजनीति से उनकी भूमिका खत्म कर दी गई। कांग्रेस के नेता मान रहे हैं कि जब तक कैप्टेन अमरिंदर सिंह पावर में हैं तब तक सिद्धू की राज्य की राजनीति में वापसी नहीं हो सकती है। हो सकता है कि कैप्टेन के हटने के बाद सिद्धू प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने और कांग्रेस में रहे तो किसी समय मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी बनेंगे।
Published

और पढ़ें