रियल पालिटिक्स

कांग्रेस को दिल्ली में खाता खुलने की उम्मीद

ByNI Political,
Share
कांग्रेस को दिल्ली में खाता खुलने की उम्मीद
कांग्रेस पार्टी दिल्ली में जैसे तैसे विधानसभा का चुनाव लड़ रही है। अभी तक उसका कोई बड़ा नेता प्रचार में नहीं उतरा है। सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी के प्रचार करने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि तीन जनवरी को ये नेता प्रचार में उतरेंगे। उम्मीदवार तय करने से लेकर प्रचार की रणनीति बनाने और चुनाव लड़ने की तैयारियों में कहीं भी कांग्रेस बाकी दोनो पार्टियों-भाजपा और आप के मुकाबले कहीं भी नहीं हैं। फिर भी दिल्ली में कांग्रेस के नेता खाता खुलने की उम्मीद कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस किसी भी राज्य में कायदे से चुनाव नहीं लड़ी। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड तीनों जगह कांग्रेस ने ऐसे ही चुनाव लड़ा। राहुल गांधी की गिनी चुनी सभाएं इन राज्यों में हुईं। फिर भी तीनों राज्यों में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया। लोगों ने कांग्रेस को समर्थन देकर खड़ा किया है। वहीं स्थिति दिल्ली में होगी। कांग्रेस के नेता यह भी मान रहे हैं कि इस बार उसके पुराने और मजबूत नेता जैसे अरविंदर सिंह लवली, हारून युसूफ, परवेज हाशमी, अलका लांबा आदि बहुत मजबूती से लड़ रहे हैं। दूसरे यह भी कहा जा रहा है कि मुस्लिम बहुल इलाकों में कांग्रेस को आप के मुकाबले ज्यादा समर्थन मिल रहा है। हालांकि इसका दूसरा पक्ष यह है कि जिन सीटों पर कांग्रेस मजबूती से लड़ रही है उन्हीं सीट पर जीतने की उम्मीद भाजपा भी कर रही है।
Published

और पढ़ें