रियल पालिटिक्स

प्रियंका गांधी की सक्रियता पर अटकलें

ByNI Political,
Share
प्रियंका गांधी की सक्रियता पर अटकलें
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर वाराणसी का दौरा किया। वे एक महीने में दूसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर गईं। उत्तर प्रदेश और खास कर वाराणसी में उनकी दिलचस्पी और सक्रियता ने कई तरह की गपशप को जन्म दिया है। प्रियंका गांधी को लेकर 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव दोनों से जुड़ी अटकलें लगाई जा रही हैं। कांग्रेस के कई उत्साही नेता कहने लगे हैं कि अगले चार साल तक प्रियंका उत्तर प्रदेश में मेहनत करेंगी, वाराणसी पर फोकस रखेंगी और 2024 में वहीं से मोदी के खिलाफ लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस के ऐसे उत्साही कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनको अपने भाई राहुल गांधी की अमेठी में हार का बदला वाराणसी में लेना है। बहरहाल, दूसरी अटकल यह है कि वे 2022 में बतौर मुख्यमंत्री पद की दावेदार, विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस की दशा सुधारने के लिए उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश पर ही फोकस किया है इसलिए वे बार बार वाराणसी जा रही हैं। कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक प्रियंका अपनी नई टीम के साथ कांग्रेस के लिए सदस्यता अभियान शुरू करने वाली हैं। कांग्रेस के एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान महिलाओं को ध्यान में रख कर चलाया जाएगा। यह भी कहा जा रहा है कि चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की सेवा भी प्रियंका ले सकती हैं। कांग्रेस के जानकार नेताओं का कहना है कि प्रशांत किशोर को लेकर राहुल गांधी को कुछ संदेह है पर प्रियंका को उन पर भरोसा है। बहरहाल, प्रशांत किशोर कांग्रेस के साथ किस तरह जुड़ते हैं या उसकी राजनीति को कैसे प्रभावित करते हैं यह बिहार चुनाव से पता चलेगा।
Published

और पढ़ें