रियल पालिटिक्स

टीम राहुल के नेता भाजपा के संपर्क में

ByNI Political,
Share
टीम राहुल के नेता भाजपा के संपर्क में
यह कमाल की बात है कि राहुल गांधी ने सक्रिय राजनीति में आने के और फिर कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद जिन नेताओं को प्रश्रय दिया और प्रमोट किया उनमें से ज्यादातर नेता इस समय पार्टी में बेगाने हैं। जिन नेताओं को लेकर टीम राहुल बनी थी उनमें से कई नेता पार्टी छोड़ कर जा चुके हैं और कई नेता भाजपा के संपर्क में बताए जा रहे हैं। राहुल गांधी के बनवाए बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत व डॉक्टर अजय कुमार आदि पार्टी छोड़ कर जा चुके हैं। अब उन कांग्रेस नेताओं की बारी दिख रही है, जो पीढ़ियों से कांग्रेस में हैं। ऐसे कम से कम तीन नेताओं के बारे में चर्चा चल रही है कि वे पार्टी छोड़ सकते हैं। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि ये नेता राज्यसभा हासिल करने के लिए खुद ही अपनी नाराजगी की चर्चा चलवाए हुए हैं और खुद ही यह प्रचार कराया है कि वे भाजपा के संपर्क में हैं। ऐसी चर्चा सबसे पहले उत्तर प्रदेश के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को लेकर हुई। पिछले चुनाव के समय इस बात की चर्चा थी कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं। पर वे उस समय भाजपा में नहीं गए और अभी प्रियंका गांधी की यूपी यात्राओं में उनके साथ होते हैं। फिर भी उनकी नाराजगी की खबरें हैं, जो राज्यसभा चुनाव से जुड़ी बताई जा रही हैं। इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कई तरह के अटकलें शुरू हुईं। मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ सहज रिश्ते नहीं होने की खबरों के कारण इन अटकलों को बल मिला। मगर असली बात राज्यसभा का चुनाव है। अगर पार्टी उनको राज्यसभा में नहीं भेजती है तो अटकलें सही भी साबित हो सकती हैं। अटकल है कि वे भाजपा के संपर्क में हैं और कोई तीन दर्जन विधायक उनके साथ हैं। वे भाजपा के ऑपरेशन लोट्स में भी भागीदार बन सकते हैं। बदले में उन्हें राज्यसभा और केंद्र में मंत्री पद भी मिल सकता है। इस कड़ी में अब मिलिंद देवड़ा का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार की तारीफ की तो दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन और दूसरे कई नेता उन पर टूट पड़े। माकन ने तो यहां तक कह दिया कि वे पहले पार्टी छोड़ें और तब आप सरकार की तारीफ करें। कहा जा रहा है कि देवड़ा भी भाजपा के संपर्क में हैं। वे भी राज्यसभा चाहते हैं और उनके सामने भी भाजपा की ओर से यह गाजर लटकाए जाने की खबर है कि उनको केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। असल में सिंधिया और देवड़ा दोनों जी जान से राज्यसभा के लिए लगे हैं। इसके लिए ही वे ऐसे प्रचार करा रहे हैं।
Published

और पढ़ें