रियल पालिटिक्स

हर समय कांग्रेस के काम आते हैं वाजपेयी

ByNI Political,
Share
हर समय कांग्रेस के काम आते हैं वाजपेयी
भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अब इस दुनिया में नहीं है। पर वे अब भी हर मौके पर कांग्रेस के बहुत काम आते हैं। जिस तरह देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू हर मौके पर भाजपा के काम आते हैं वैसे ही वाजपेयी कांग्रेस के काम आते हैं। भाजपा के नेता हर विफलता का ठीकरा नेहरू के सर फोड़ते हैं और तब कांग्रेस के पास बचाव के लिए नेहरू होते हैं। जैसे पिछले दिनों मई में नेहरू की पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस के नेताओं ने वाजपेयी का वह भाषण शेयर किया, जिसमें उन्होंने नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें भारत माता का दुलारा राजकुमार बताया था। उसने वाजपेयी ने नेहरू की जम कर तारीफ की थी। कांग्रेस के नेता गाहेबगाहे यह उद्धरण भी देते रहते हैं के कैसे वाजपेयी ने बांग्लादेश युद्ध के बाद इंदिरा गांधी की तारीफ की थी। अब जब चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर कांग्रेस के नेता भाजपा पर हमलावर हैं और भाजपा के नेता उन्हें राष्ट्र प्रेम की याद दिला रहे हैं तो कांग्रेस के कई नेताओं को फिर वाजपेयी याद आ गए हैं। वे बता रहे हैं कि कैसे वाजपेयी और उस समय के भाजपा नेताओं ने चीन की लडाई के समय और उसके बाद नेहरू की आलोचना की थी। इस बहाने कांग्रेस अपनी आलोचना को जायज ठहरा रही है। असल में वाजपेयी ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में इतने मसलों पर इतनी तरह की बातें कहीं है कि कांग्रेस उन्हें अपनी सुविधा के हिसाब से कहीं भी इस्तेमाल कर सकती है।
Published

और पढ़ें