अब तक कहा जाता था कि भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह जहां की चाहें वहां की सरकार गिरा सकते हैं और जहां चाहें वहां भाजपा की सरकार बना सकते हैं। लेकिन अब तीन लोग सामने आए हैं, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने आठ सरकारें गिराई हैं और चार सरकार और गिराने के लिए काम कर रहे थे। हैरानी की बात यह है कि इन तीन लोगों को कोई नहीं जानता है। इनकी हैसियत एक चपरासी को इधर से उधर करने की नहीं दिख रही है। लेकिन तेलंगाना की पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने आठ सरकारें गिरा दी हैं और चार और गिराने वाले थे।
अलग अलग पार्टियों के नेताओं और राजनीति के जानकारों को इनके बारे में कतई कोई जानकारी नहीं है। रामचंद्र भारती उर्फ सतीश शर्मा, नंद कुमार और सिम्हाजी स्वामी ये नाम है उन तीन लोगों का जिनको तेलंगाना की पुलिस ने पकड़ा है और दावा किया है कि इन्होंने आठ सरकारें गिराई हैं। सोचें, पिछले आठ साल में देश में आठ सरकारें गिरी भी नहीं हैं लेकिन इन तीनों ने कथित तौर पर दावा किया और पुलिस व खुद मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने मान भी लिया। खुद केसीआर ने आठ सरकार गिराने वाली बात कही है। उन्होंने यह भी कहा कि ये तीन लोग चार राज्यों- तेलंगाना, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और दिल्ली की सरकार गिराने की साजिश रच रहे थे। सोचें, भाजपा के खिलाफ विपक्षी पार्टियां क्या इससे बुरा कोई ड्रामा रच सकती हैं? यह सही है कि भाजपा ने कई जगह सरकारें गिरा कर अपनी सरकार बनाई है। लेकिन यह बताने के लिए इतना खराब ड्रामा नहीं रचना चाहिए।