रियल पालिटिक्स

कांग्रेस ने हड़बड़ी में दी प्रतिक्रिया

ByNI Political,
Share
कांग्रेस ने हड़बड़ी में दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन रात नौ बजे के थोड़ी देर बाद खत्म हुआ और उसी समय कांग्रेस पार्टी के नेता प्रतिक्रिया देने लगे। यह पूछने तक तो ठीक था कि प्रधानमंत्री ने मजदूरों के बारे में कुछ भी क्यों नहीं कहा। पर 20 लाख के आर्थिक पैकेज पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं थी। तभी कांग्रेस के कई नेता इसमें फंस गए। वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने इसका स्वागत कर दिया। गुजरात कांग्रेस के नेता अर्जुन मोडवाडिया ने देर आए, दुरुस्त आए कह कर इस पैकेज की तारीफ भी कर दी। बताया जा रहा है कि इससे कांग्रेस के आला नेता नाराज हुए हैं। इसका कारण यह भी है कि प्रतिक्रिया के तुरंत बाद सोशल मीडिया में पूछा जाने लगा कि यह कांग्रेस की आधिकारिक और अंतिम प्रतिक्रिया है या पार्टी बाद में इसे बदल देगी। असल में प्रधानमंत्री ने आर्थिक पैकेज के बारे में विस्तार से कुछ भी नहीं बताया। वह काम वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी। इसलिए कांग्रेस को इंतजार करना था और उसके बाद आधिकारिक प्रतिक्रिया देनी थी। पर ट्विटर के ऊपर सबसे पहले प्रतिक्रिया देने की होड़ में कई नेताओं ने कांग्रेस को फंसा दिया। तभी बुधवार को सुबह से कांग्रेस पार्टी के नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए। पार्टी के कई प्रवक्ताओं और नेताओं को राहुल गांधी का ट्विटर हैंडल देखते रहने और उसके हिसाब से प्रतिक्रिया देने को कहा गया है।
Published

और पढ़ें