रियल पालिटिक्स

भारत बन रहा दुनिया का अछूत

ByNI Political,
Share
भारत बन रहा दुनिया का अछूत
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इस साल दूसरी बार अपना भारत दौरा रद्द किया है। पहली बार जब उनको गणतंत्र दिवस की परेड में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने के लिए बुलाया गया था तब और दूसरी बार इस महीने के आखिर में प्रस्तावित दौरा उन्होंने रद्द किया है। पहली बार उन्होंने अपने कारणों से दौरा रद्द किया था। उस समय ब्रिटेन में कोरोना का महामारी की नई लहर आई थी और चारों तरफ त्राहिमाम की स्थिति थी। लेकिन इस बार उन्होंने भारत की स्थिति को देखते हुए दौरा रद्द किया। भारत में कोरोना वायरस की स्थिति बेकाबू होने की वजह से उन्होंने अपना दौरा टाला है और इतना ही नहीं उनके देश में ट्रैवल के मामले में भारत को रेड लिस्ट में डाल दिया है। भारत से जाने वाली उड़ानों पर ब्रिटेन ने पाबंदी लगा दी है। भारत के डबल म्यूटेंट वैरिएंट से ब्रिटेन में अलग चिंता है कि इस बीच भारत में ट्रिपल म्यूटेंट वैरिएंट का पता चल गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण से खुद को मुक्त करने वालों देशों ने धीरे धीरे भारत से दूरी बनानी शुरू कर दी है। न्यूजीलैंड ने भी अपने यहां भारत के यात्रियों के आने पर पाबंदी लगा दी है को हांगकांग ने भी भारत की उड़ानें रोक दी हैं। अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा करने से बचने को कहा है। उसने अभी रोक नहीं लगाई है पर अपने नागरिकों से कहा है कि अगर बहुत जरूरी नहीं हो तो भारत की यात्रा न करें। जरूरी कारणों से भारत की यात्रा करने वाले अमेरिका नागरिकों को ढेर सारे दिशा-निर्देश दिए गए हैं। असल में भारत में जिस अंदाज में कोरोना वायरस का संक्रमण बेकाबू हुआ है और केंद्र से लेकर राज्यों तक की सरकारों को कुछ समझ में नहीं आ रहा है उससे कोरोना से मुकाबले की भारत की क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। भारत ने पहले वायरस को रोक लेने का दावा किया था, अब वह भी सवालों के घेरे मे है। इसलिए सभ्य देशों ने दूरी बनानी शुरू की है।
Published

और पढ़ें