रियल पालिटिक्स

इस बार पूर्वांचली प्रचारकों का जलवा

ByNI Political,
Share
इस बार पूर्वांचली प्रचारकों का जलवा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार पूर्वांचली प्रचारकों का जलवा रहेगा। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों के पास इस बार अनेक पूर्वांचली प्रचारक होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी खुद स्टार प्रचारक हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के चुनाव में दो और फिल्मी सितारों को भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़वाया था। इनमें से रवि किशन गोरखपुर सीट से चुनाव जीत गए, जबकि दिनेश लाल यादव निरहुआ चुनाव हार गए। भाजपा ने उनको अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था। ये दोनों भोजपुरी फिल्मों के सितारे भाजपा के लिए दिल्ली में प्रचार करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी दिल्ली में भाजपा के लिए प्रचार करेंगे। इस बार भाजपा पहले से ज्यादा पूर्वांचली उम्मीदवार भी उतारने जा रही है। दूसरी ओर कांग्रेस के पास पहले ले-देकर एक महाबल मिश्र होते थे। इस बार उन्होंने अपने बेटे को आम आदमी पार्टी में शामिल करा दिया है। इसलिए वे भी कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं करेंगे। इसके बावजूद कांग्रेस को पूर्वांचली प्रचारकों की कमी नहीं होने वाली है। दिल्ली में भाजपा के नेता रहे और बिहार से कई बार सांसद बने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद कांग्रेस में शामिल हो गए हैं और कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के प्रमुख हैं। उनके अलावा मशहूर फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा भी कांग्रेस में ही शामिल हो गए हैं। सो, वे भी दिल्ली में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में होंगे।
Published

और पढ़ें