रियल पालिटिक्स

कांग्रेस के एजेंडे पर ही भाजपा का काम!

ByNI Political,
Share
कांग्रेस के एजेंडे पर ही भाजपा का काम!
यह बात बिल्कुल इसी अंदाज में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कांफ्रेंस में कह दी। केंद्र सरकार के बनाए तीन कृषि कानूनों का बचाव करते करते हुए रविशंकर प्रसाद इतने भावुक हो गए कि उन्होंने कह दिया कि कांग्रेस पार्टी दस साल के राज में इस कानून को लागू करने की बात कहती रही थी। वे यह बताना चाहते थे कि कांग्रेस दोहरा पैमाना अपना रही है। जब सरकार में थी तो इन कानूनों का समर्थन करती थी और विपक्ष में है तो इनका विरोध कर रही है। लेकिन यह बात जैसे कांग्रेस पर लागू होती है वैसे ही भाजपा पर भी लागू हो जाती है। कांग्रेस जब इन कानूनों का समर्थन करती थी तो भाजपा विपक्ष में थी और इन कानूनों का विरोध करती थी। सो, रविशंकर प्रसाद के कहने का मतलब यह था कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने जिन कानूनों का विरोध किया, सरकार में आकर उनको लागू कर दिया है। यह तो भाजपा का दोहरा मापदंड हो गया! हालांकि ऐसा सिर्फ कृषि कानूनों के मामले में नहीं हुआ है। भाजपा विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित जितने कानूनों का विरोध करती थी, सरकार में आकर उन सबको जस का तस लागू कर दिया है। कांग्रेस आधार का प्रस्ताव ले आई तो भाजपा ने विरोध किया, जीएसटी का प्रस्ताव आया तो भाजपा ने विरोध किया, एनसीटीसी का प्रस्ताव आया तो भाजपा ने विरोध किया, अनाज मंडियों को खत्म करने के प्रस्ताव का भाजपा ने विरोध किया, मनरेगा को प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की विफलताओं का स्मारक कहा और अब भाजपा ने इन सबको हूबहू लागू कर दिया है। सो, रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कांफ्रेंस करके जितना कांग्रेस के दोहरे मापदंड को उजागर किया उतना ही भाजपा को भी किया।
Published

और पढ़ें