रियल पालिटिक्स

किसान आंदोलन अंबानी के दरवाजे पहुंचेगा

ByNI Political,
Share
किसान आंदोलन अंबानी के दरवाजे पहुंचेगा
केंद्र सरकार के बनाए तीन केंद्रीय कानूनों के विरोध में लाखों किसान कड़ाके की ठंड के बीच राजधानी दिल्ली की सीमा पर डटे हैं तो उनके समर्थन में देश भर के किसान अपने अपने राज्यों में प्रदर्शन कर रहे हैं। 14 दिसंबर को देश भर में किसानों ने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। ऐसे ही आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में महाराष्ट्र के किसान संगठनों ने मुकेश अंबानी के रिलायंस समूह के खिलाफ बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। गौरतलब है कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसान भी लगातार अंबानी और अडानी पर निशाना साध रहे हैं और उनका कहना है कि इन दोनों के फायदे के लिए ही कृषि कानून बनाया गया है। तभी महाराष्ट्र के किसानों ने अंबानी के खिलाफ मोर्चा खोला है। महाराष्ट्र के कई इलाकों में बेहद मजबूत किसान संगठन स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने ऐलान किया है कि अंबानी के कारपोरेट कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन होगा और धरना दिया जाएगा। इसके नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा है कि 22 दिसंबर को अंबानी के कारपोरेट कार्यालयों के सामने धरना होगा। इस धरने में कई और किसान संगठन उनके साथ जुड़े हैं। राजू शेट्टी के ऐलान के बाद दूसरी जगहों पर भी इस तरह के प्रदर्शन शुरू होने की संभावना है। यह पहली बार हो रहा है, जब किसान संगठन इस तरह सरकार के साथ साथ उसके करीबी कारोबारियों को भी निशाना बना रहे हैं।
Published

और पढ़ें