रियल पालिटिक्स

बंगाल में क्या महागठबंधन की जरूरत है

ByNI Political,
Share
बंगाल में क्या महागठबंधन की जरूरत है
क्या बिहार या झारखंड की तरह पश्चिम बंगाल में भी महागठबंधन की जरूरत है? कई जानकार मान रहे हैं कि बंगाल में जिस तरह से भाजपा की ताकत बढ़ रही है और जैसा माहौल बन रहा है उसे देखते हुए भाजपा को रोकने के लिए सभी पार्टियों को साथ आना होगा। सभी पार्टियों का मतलब है तीन या चार वामपंथी पार्टियों का मोर्चा और कांग्रेस दोनों राज्य में 10 साल से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के साथ मिल कर लड़ें। कांग्रेस के भी कई नेता इस बात का प्रस्ताव पार्टी के अंदर रख चुके हैं। लेकिन कांग्रेस के आला नेता यानी राहुल गांधी को ऐसा नहीं करना है क्योंकि ‘बॉस’ सीताराम येचुरी ऐसा नहीं चाहते हैं। दूसरी ओर ममता बनर्जी को भी यह आइडिया आकर्षित नहीं कर पा रहा है। वे भी नहीं चाहती हैं कि किसी किस्म का एलायंस नहीं चाहती हैं। इसके दो कारण हैं। पहला कारण तो उनको लग रहा है कि वे अकेले भाजपा को रोक लेंगी। दूसरा कारण यह है कि उनके चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने समझाया हुआ है कि भाजपा को रोकने के लिए त्रिकोणात्मक मुकाबला होना जरूरी है ताकि ममता और तृणमूल विरोधी वोट बंट सके। आमने-सामने के मुकाबले में भाजपा को ज्यादा फायदा हो सकता है। इसलिए कम से कम अभी इसकी संभावना नहीं दिख रही है। पर राजनीति में किसी चीज को असंभव नहीं माना जा सकता है। चुनाव से पहले नहीं हुआ तो जरूरत पड़ने पर चुनाव के बाद एलायंस हो सकता है खास कर कांग्रेस के साथ।
Published

और पढ़ें