गुजरात में भारतीय जनता पार्टी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। तभी हर हफ्ते या दूसरे हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य का दौरा कर रहे हैं। एक एक जिले में जा रहे हैं और बड़ी बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास कर रहे हैं। इसके साथ साथ वे यह प्रयास भी कर रहे हैं कि राज्य में दशकों से भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी रही कांग्रेस और नई चुनौती के तौर पर उभर रही आम आदमी पार्टी दोनों चुनावी मुकाबले में बने रहें। तभी उन्होंने तीन दिन की यात्रा में दोनों पार्टियों को निशाना बनाया। उन्होंने दोनों के समर्थकों को यह मैसेज दिया कि भाजपा और खुद प्रधानमंत्री दोनों पार्टियों को चुनौती मान रहे हैं और अपने समर्थकों को उनसे सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं।
असल में प्रधानमंत्री मोदी ने एक कार्यक्रम में कांग्रेस की चुनौती बताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहुत प्रचार करती नहीं दिख रही है इसका यह मतलब नहीं है कि वह चुपचाप बैठी है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस लोग गुपचुप तरीके से गांवों में जा रहे हैं और लोगों को भाजपा के खिलाफ वोट करने के लिए समझा रहे हैं। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से इससे सावधान रहने को कहा। एक और कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी के नेताओं को अर्बन नक्सली बताते हुए हमला किया। उन्होंने विशेष विमान से अरविंद केजरीवाल के प्रचार में जाने का परोक्ष हवाला देते हुए कहा कि अर्बन नक्सल जहाज में बैठ कर आ रहे हैं। उनको गुजरात का विकास रोकने की ताकत नहीं दी जा सकती है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उनको पता है कि दोनों पार्टियां जितना ज्यादा जोर लगा कर लड़ेंगी, भाजपा को उतना ज्यादा फायदा होगा। किसी की लड़ाई कमजोर पड़ेगी तो भाजपा के लिए मुश्किल हो जाएगी। इसलिए भाजपा किसी न किसी तरह से दोनों को लड़ाई में बनाए रखने का प्रयास करेगी।
Tags :bjp gujrat election 2022