रियल पालिटिक्स

कांग्रेस को कितनी सीट देगा वाम मोर्चा?

ByNI Political,
Share
कांग्रेस को कितनी सीट देगा वाम मोर्चा?
कांग्रेस पार्टी ने ऐसा लग रह है कि बिहार के अनुभव से कोई सबक नहीं लिया है तभी पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे के साथ सीटों के तालमेल के लिए हुए पहली बैठक में पार्टी ने 120 सीटों की मांग कर दी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राज्य की 294 सीटों में से कांग्रेस को 120 सीट मिलनी चाहिए। उन्होंने मालदा, मुर्शिदाबाद, दिनाजपुर आदि जिलों में ज्यादा सीटें देने की भी मांग की। सवाल है कि बंगाल में कांग्रेस के पास कौन सी पूंजी है, जिसके दम पर उसने 120 सीटें मांगी हैं? बिहार में ऐसे ही कांग्रेस ने लड़-झगड़ कर 70 सीटें ले लीं और सिर्फ 19 सीटों पर जीती। पिछली बार यानी 2016 के चुनाव में भी कांग्रेस और वाम मोर्चा मिल कर लड़े थे, जिसमें कांग्रेस 92 सीटों पर लड़ी थी और 44 सीटों पर जीती थी। दूसरी ओर वाम मोर्चा का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था। वह सिर्फ 26 सीटें जीत पाई। इसी वजह से कांग्रेस ज्यादा सीट के लिए दबाव डाल रही है। पर यह हकीकत है कि वाम मोर्चे के पास अब भी हर जिले में और हर सीट पर संगठन है, जबकि कांग्रेस एक निश्चित इलाके में सीमित है। तभी कांग्रेस को अपने असर वाले इलाके में ही सीटें लेकर पूरी ताकत से लड़ने की रणनीति बनानी चाहिए। इस समय पूरे प्रदेश में पैर फैलाने की रणनीति उलटी पड़ सकती है।
Published

और पढ़ें