रियल पालिटिक्स

ओडिशा में कैसे सरकार बनाएंगे शाह

ByNI Political,
Share
ओडिशा में कैसे सरकार बनाएंगे शाह
अमित शाह पिछले तीन साल से ज्यादा समय से केंद्र में गृह मंत्री हैं लेकिन अभी तक वे ओडिशा के दौरे पर नहीं गए थे। गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार वे पिछले दिनों राज्य के दौरे पर गए। ऐसा लग रहा है, जैसे वे ओडिशा की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने का इंतजार कर रहे थे। मुर्मू के राष्ट्रपति बनने के तुरंत बाद उन्होंने ओडिशा का दौरा किया और चलते समय दावा किया कि जल्दी ही भाजपा राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। भाजपा की इस उम्मीद का एक कारण तो यह माना जा रहा है कि नवीन पटनायक की उम्र काफी हो गई है और वे बीमार रहते हैं। उन्होंने अपना उत्तराधिकारी किसी को नहीं बनाया है। ऊपर से उनके करीबी अश्विनी वैष्णव को अपनी पार्टी में लेकर भाजपा ने उन्हें केंद्र में कई बड़े मंत्रालयों का मंत्री बनाया है। उनके जरिए भाजपा बीजू जनता दल को हैंडल करने की उम्मीद कर रही है। लेकिन इसके अलावा बताया जा रहा है कि अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की बैठक में अगले चुनाव का रोडमैप साझा किया है। ओडिशा में विधानसभा चुनाव लोकसभा के साथ होता है। इसका फायदा भाजपा को उठाना है। पिछली बार लोकसभा में तो भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन विधानसभा में उसका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा। 147 सदस्यों की विधानसभा में भाजपा सिर्फ 22 सीट जीत पाई। इस बार नवीन पटनायक सरकार के खिलाफ 25 साल की एंटी इन्कंबैंसी का फायदा उठाने की राजनीति भाजपा कर रही है। शाह ने पार्टी नेताओं को आदिवासी वोट पर ध्यान देने और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने के फैसले को भुनाने के लिए कहा है। साथ ही उन सीटों पर ज्यादा ध्यान देने को कहा है, जहां भाजपा पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी।
Tags :
Published

और पढ़ें