रियल पालिटिक्स

झारखंड से रघुवर को मिलेगी राज्यसभा!

ByNI Political,
Share
झारखंड से रघुवर को मिलेगी राज्यसभा!
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को भाजपा राज्यसभा में ला सकती है। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं। कांग्रेस के समर्थन से सांसद बने राजद नेता प्रेमचंद्र गुप्ता और भाजपा के समर्थन से निर्दलीय जीते कारोबारी परिमल नाथवानी इस साल रिटायर हो रहे हैं। इनमें से एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा के और दूसरी सीट भाजपा को मिलेगी। जेएमएम कोटे से पार्टी के संस्थापक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन को भेजे जाने की चर्चा है। पर साथ ही शिबू सोरेन के बेटे बसंत सोरेन और पहले राज्यसभा सांसद रहे उनके वकील संजीव कुमार के नाम की भी चर्चा चल रही है। दूसरी ओर भाजपा से रघुवर दास के नाम की चर्चा है। गौरतलब है कि वे मुख्यमंत्री रहते विधानसभा का चुनाव हारे हुए हैं। इसके बावजूद पार्टी के शीर्ष नेताओं का पूरा समर्थन उनको हासिल है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की पार्टी में वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई है। अगर सब कुछ उनकी योजना के मुताबिक होता है तो मरांडी विधायक दल के नेता बनेंगे और वे राज्यसभा में जाएंगे। बिहार में राज्यसभा की एक सीट के लिए 27 वोट की जरूरत है। मरांडी के आने से भाजपा की सीटों की संख्या 26 हो गई है। उसे एक सीट जीतने के लिए सिर्फ एक अतिरिक्त वोट की जरूरत है, जिसमें किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। बहरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि परिमल नाथवानी का क्या होता है? भाजपा उनके बारे में सोचती है या वे दूसरी पार्टियों के सहारे दांव चलते हैं?
Published

और पढ़ें