Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सबसे बुजुर्ग नेताओं ने सबसे ज्यादा प्रचार किया

इसे कर्नाटक की मिट्टी की खासियत कह सकते हैं या वहां की राजनीति की सुंदरता कह सकते हैं कि जब देश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी 75 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को राजनीति से संन्यास दिला रही है तो प्रदेश में 80 साल से ऊपर के नेताओं ने सबसे ज्यादा प्रचार करने का रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी खूब रैलियां कीं, लेकिन सबसे ज्यादा उम्र के बुजुर्ग नेताओं ने सबसे ज्यादा रैली की। कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे, भाजपा की ओर से बीएस येदियुरप्पा और जेडीएस की ओर से एचडी देवगौड़ा ने सबसे ज्यादा चुनावी रैली की।

बीएस येदियुरप्पा की उम्र 80 साल है और दो साल पहले भाजपा ने उनको मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था लेकिन उन्होंने इस बार कर्नाटक चुनाव 80 सभाओं को संबोधित किया। लिंगायत मतदाताओं के असर वाले इलाकों में उनके लगातार दौरे हुए और उन्होंने हजारों लोगों ने निजी तौर पर संपर्क किया। इसी तरह 80 साल के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 85 सभाएं की। कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने पूरे प्रदेश में रैली की और जन संपर्क किया। इसी तरह जेडीएस के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ती उम्र 90 साल हो गई है और उनकी सेहत भी ठीक नहीं है लेकिन अपनी पार्टी के असर वाले क्षेत्रों खास कर पुराने मैसुरू के इलाके में उन्होंने कई जनसभाएं कीं और रोड शो भी किए।

Exit mobile version