रियल पालिटिक्स

शहरों में वुहान की तरह लॉकडाउन हो

ByNI Political,
Share
शहरों में वुहान की तरह लॉकडाउन हो
अगर केंद्र और राज्यों की सरकारें शहर या जिलावार लॉकडाउन पर विचार कर रही हैं तो उन्हें चीन के शहर वुहान की तरह के लॉकडाउन पर विचार करना चाहिए। चीन के हुबेई प्रांत के जिला मुख्यालय वुहान को 23 जनवरी को चीन ने लॉकडाउन में डाला था और तब सारी चीजें पूरी तरह से बंद कर दी गई थीं। हर परिवार को एक-एक परमिट जारी किया गया और परिवार का कोई भी सदस्य यहीं परमिट लेकर बाहर निकल सकता था और वह भी बहुत ज्यादा जरूरी काम के लिए। इसके अलावा हर परिवार को राशन पहुंचाने के अलग से व्यवस्था की गई। चूंकि सिर्फ एक शहर लॉकडाउन में था इसलिए दूसरे शहरों या जिलों से मैनपावर और सामानों की आपूर्ति संभव थी। ऐसा मॉडल भारत में भी अपनाया जा सकता है। अगर सरकारें सबसे ज्यादा संक्रमित शहरों को लॉकडाउन में डालें तो वुहान मॉडल अपनाया जा सकता है। जिस तरह वुहान में चीन ने पूरे शहर में लॉकडाउन करने के बाद पड़ोस के जिलों से या शहरों से राशन और दूसरी तमाम चीजों की आपूर्ति की थी उस तरह से भारत में भी हो सकता है। पहले चूंकि एक साथ पूरे देश में लॉकडाउन लागू किया गया था और इसलिए यह संभव नहीं था कि सारी चीजें बंद कर दी जाएं। लेकिन जब एक-एक शहर में लॉकडाउन होगा तो यह संभव है कि बगल के शहर या जिलों से मैनपावर बुला कर जरूरत की चीजों की आपूर्ति लोगों के घरों तक कराई जा सके। जानकारों का मानना है कि इसी किस्म के लॉकडाउन और उसके बाद आक्रामक टेस्टिंग, कांटैक्ट ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट के जरिए कोरोना वायरस का प्रसार रोका जा सकता है और सभी मरीजों की पहचान करके उनका इलाज भी किया जा सकता है।
Published

और पढ़ें