रियल पालिटिक्स

राज ठाकरे अपनी पार्टी का भगवाकरण करेंगे

ByNI Political,
Share
राज ठाकरे अपनी पार्टी का भगवाकरण करेंगे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे अपने लिए संभावना देख रहे हैं। पिछले 15 साल से वे अलग पार्टी बना कर अलग राजनीति कर रहे हैं पर उनको कुछ हासिल नहीं हुआ है। पर शिव सेना के कांग्रेस और एनसीपी के साथ जाने से उनको अपने लिए अवसर बनता दिख रहा है। उनको यह भी लग रहा है कि शिव सेना की कमी पूरी करने के लिए भाजपा उनको आगे बढ़ा सकती है। तभी कहा जा रहा है कि वे अपनी पार्टी का भगवाकरण करने जा रहे हैं। ध्यान रहे उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी तब उनका ज्यादा फोकस मराठी मानुष पर था। उनकी पार्टी ने बाहरी लोगों के खिलाफ अभियान छेड़ा था। राज ठाकरे को लग रहा था कि तब शिव सेना और भाजपा एक साथ थे और इस वजह से उनको हिंदुत्व की राजनीति में स्पेस नहीं मिलेगी। तभी उन्होंने मराठी बनाम बाहरी के मुद्दे पर राजनीति की। अब शिव सेना के कांग्रेस और एनसीपी के साथ जाने से उनक लग रहा है कि हिंदुत्व की राजनीति का स्पेस खाली हो गया है और मराठी बनाम बाहरी की राजनीति का स्पेस भर गया है। तभी वे अपनी पार्टी का भगवाकऱण करने जा रहे हैं। वे अपनी पार्टी के झंडे का रंग बदल रहे हैं। उनके झंडे में अभी भगवा के साथ साथ नीला और लाल रंग भी है, जिसे हटा कर वे झंडे को पूरी तरह से भगवा कर रहे हैं और उस पर छत्रपति शिवाजी महाराज की फोटो या उनसे जुड़ा कोई चिन्ह भी लगाने जा रहे हैं। इस बीच भाजपा के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से उनकी मुलाकात भी हुई है। इन दोनों की मुलाकात से भी भाजपा और मनसे के साथ आने की चर्चा शुरू हुई है।
Published

और पढ़ें