Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शिंदे गुट के विधायकों, सांसदों की उम्मीद

जब से एकनाथ शिंदे गुट को असली शिव सेना का दर्जा मिला है तब से उनके विधायकों और सांसदों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। शिंदे के साथ शिव सेना छोड़ने वाले विधायक मंत्री बनने की राह देख रहे हैं। अभी शिंदे सरकार 20 मंत्रियों के साथ काम कर रही है, जबकि राज्य में 42 मंत्री बनाए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि जल्दी ही शिंदे-फड़नवीस सरकार का विस्तार होगा और 20 नए मंत्री बनाए जाएंगे। इसमें ज्यादा मंत्री भाजपा के होंगे लेकिन शिंदे गुट के भी सात या आठ लोगों को सरकार में जगह मिल सकती है। हालांकि एकनाथ शिंदे को चिंता है कि जिन सात-आठ लोगों को सरकार में जगह मिलगी उसके अलावा बाकी लोग नाराज होंगे और पार्टी छोड़ कर उद्धव गुट में लौटने की सोच सकते हैं।

पहले भी इसी वजह से कैबिनेट का विस्तार रूका हुआ था। ध्यान रहे राज्य विधानसभा में भाजपा के एक सौ ज्यादा विधायक हैं, जबकि शिंदे गुट के 40 विधायक हैं। इसलिए अगर 40 सदस्यों का मंत्रिमंडल बनता तो अधिकतम 14 या 15 मंत्री शिंदे गुट के होंगे। कुछ अन्य लोगों को मंत्री का दर्जा दिया जा सकता है। फिर भी नाराज होने वालों की संख्या ज्यादा होगी। इशी तरह शिव सेना से अलग होने वाले 12 लोकसभा सांसद भी केंद्र में मंत्री बनने की उम्मीद में हैं। हालांकि पता नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कब अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे लेकिन कहा जा रहा है कि शिंदे गुट के कम से कम दो सासंद मंत्री बनेंगे। सांसदों में भी जो मंत्री नहीं बन पाएंगे, उनको एकजुट रखना आसान नहीं होगा। बहरहाल, बताया जा रहा है कि राज्य में दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के बाद प्रदेश में कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।

Exit mobile version