रियल पालिटिक्स

वंशवाद पर पीछे नहीं हटेंगी ममता

ByNI Political,
Share
वंशवाद पर पीछे नहीं हटेंगी ममता
तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी वंशवाद के आरोपों पर बैकफुट पर नहीं आएंगी। इस मामले में उनकी राजनीति कांग्रेस से या दूसरी पार्टियों से अलग है। उन्होंने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को राजनीति में आगे बढ़ाने के भाजपा नेताओं का दो टूक जवाब दिया है। बताया जा रहा है कि अब तक रक्षात्मक दिख रहीं ममता बनर्जी को उनके चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने आक्रामक होने का सुझाव दिया है। तभी उन्होंने अभिषेक बनर्जी की तरफदारी करते हुए कहा कि वे किसी की कृपा से आगे नहीं बढ़े हैं, वे जन प्रतिनिधि हैं, वे चुनाव लड़े और जनता ने उनको जिताया तब वे सांसद बने हैं। ममता इतने पर ही नहीं रूकीं उन्होंने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने बेटे जय शाह को भी चुनाव में उतारें। इस तरह उन्होंने एक कमजोर नस पर हाथ रखा। गौरतलब है कि जय शाह के भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का सचिव और एशियाई क्रिकेट बोर्ड का अध्यक्ष बनने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। गौरतलब है कि अमित शाह ‘भाईपो’ यानी भतीजे को राजनीति में आगे बढ़ाने का आरोप ममता पर लगाया था। इसका जवाब देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह को अभिषेक बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहिए। ममता ने चुनौती देते हुए कहा कि अमित शाह पहले अभिषेक के खिलाफ चुनाव लड़ें और फिर उनके खिलाफ लड़ने की सोचें। असल में भाजपा की आक्रामक राजनीति से ही सीख लेकर प्रशांत किशोर ने ममता को कुछ टिप्स दिए हैं। तभी उन्होंने वंशवाद पर पलटवार किया है और दो सौ से ऊपर सीटें जीतने का दावा किया है। भाजपा के दो सौ सीट जीतने के लक्ष्य के मुकाबले अभिषेक बनर्जी ने कहना शुरू किया कि तृणमूल कांग्रेस 225 सीट जीतेगी। ममता और अभिषेक दोनों कह रहे हैं कि तृणमूल की जीत की सुनामी आएगी। भाजपा जिस अंदाज में प्रचार कर रही है तृणमूल की ओर से उसी अंदाज में जवाब दिया जा रहा है।
Published

और पढ़ें