रियल पालिटिक्स

कई राज्यपाल, एलजी होने है नियुक्त

ByNI Political,
Share
कई राज्यपाल, एलजी होने है नियुक्त
देश के कई राज्यों में राज्यपाल और उप राज्यपाल या प्रशासकों की नियुक्ति होनी है। बताया जा रहा है कि पांच राज्यों का चुनाव खत्म होने के बाद मई में किसी समय यह नियुक्ति होगी। यह भी संभव है कि मई में कई सारे बदलाव एक साथ हों। मई में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है। जहां तक राज्यपाल की बात है तो मध्य प्रदेश में कोई पूर्णकालिक राज्यपाल नहीं है। पिछले साल जुलाई में लालजी टंडन का निधन हो गया था उसके बाद से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कार्यवाह राज्यपाल के तौर पर वहां का काम संभाल रही हैं। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का पांच साल कार्यकाल भी पिछले साल पूरा हो गया है। वे झारखंड के निर्माण के बाद पहली राज्यपाल हैं, जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है। पिछले महीने किरण बेदी को पुड्डुचेरी के उप राज्यपाल पद से हटाया गया था। उनकी जगह तेलंगाना की राज्यपाल तमिलसाई सौंदर्यराजन कार्यभार संभाल रही हैं। बताया जा रहा है कि मई में चुनाव नतीजे आने के बाद नए उप राज्यपाल की नियुक्ति होगी। पुड्डुचेरी का नया उप राज्यपाल कौन होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि राज्य में सरकार किसकी बनती है। लक्षद्वीप के प्रशासक और पूर्व पुलिस अधिकारी दिनेश्वर शर्मा का पिछले साल के अंत में निधन हो गया था। सो, दादर व नागर हवेली के प्रशासक प्रफुल्ल खोड़ा पटेल लक्षद्वीप का काम भी देख रहे हैं। दादर व नागर हवेली के सांसद मोहन डेलकर की खुदकुशी के बाद प्रफुल्ल खोड़ा पटेल विवादों में घिरे हैं। डेलकर ने अपने सुसाइड नोट में आरोप लगाया है कि केंद्र शासित  प्रदेश के प्रशासन की ओर से उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।
Published

और पढ़ें