रियल पालिटिक्स

विधानसभा की तरह एमसीडी का चुनाव

ByNI Political,
Share
विधानसभा की तरह एमसीडी का चुनाव
भारतीय जनता पार्टी विधानसभा की तरह दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी का चुनाव लड़ रही है। जिस तरह से देश भर के नेता गुजरात में चुनाव प्रचार कर रहे हैं उसी तरह दिल्ली में भी प्रचार कर रहे हैं। जो नेता गुजरात जा रहे हैं उनको दिल्ली आने और प्रचार करने के लिए भी कहा गया है। सोचें, रविवार को देश के चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दिल्ली में रोड शो किया। दिल्ली में भाजपा के प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने इन मुख्यमंत्रियों से रोड शो के लिए आग्रह किया था। उनकी ओर से बनाई गई योजना के तहत असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में रोड शो किया। इतना ही नहीं भाजपा के इस मेगा कैंपेन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने भी पार्टी के लिए रोड शो किया। बिहार के एक दर्जन नेताओं को दिल्ली में प्रचार का जिम्मा दिया गया है। जहां भी पूर्वांचल के लोगों की आबादी ज्यादा है वहां बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के  नेताओं की सभाएं होनी हैं। भाजपा इस बड़े प्रचार अभियान के जरिए एमसीडी में पिछले 15 साल का कब्जा बरकरार रखने का प्रयास कर रही है तो दूसरे भाजपा के बड़े नेताओं के प्रचार करने की वजह से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी मजबूरी हो रही है कि वे दिल्ली में ही रहें और गुजरात को भूले रहें। इस प्रचार अभियान के साथ साथ आम आदमी पार्टी के नेताओं के स्टिंग वीडियो भी भाजपा जारी कर रही है। टिकट बेचने की घटना से लेकर आप के विधायक की समर्थकों द्वारा पिटाई और जेल में बंद आप सरकार के मंत्री की मसाज कराने की वीडियो भी भाजपा ने जारी की है।
Published

और पढ़ें