रियल पालिटिक्स

मंगलवार को राष्ट्र संबोधन का रहस्य!

ByNI Political,
Share
मंगलवार को राष्ट्र संबोधन का रहस्य!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ बजे रात में देश को संबोधित करते हैं। इसे लेकर खूब चर्चा हुई है। इस पर मीम और मजाक भी बने हैं। पर इस ओर कम ध्यान दिया गया कि वे लगभग हर बार मंगलवार को देश को संबोधित करते हैं। सो, क्या मंगलवार और रात आठ बजे का कोई कनेक्शन है? इसके पीछे कोई ज्योतिष है या ग्रह-नक्षत्रों का हिसाब है। या प्रधानमंत्री सिर्फ इसलिए मंगलवार को राष्ट्र को संबोधित करते हैं कि मंगल हनुमान जी का दिन है और उस दिन देश भर में बड़ी संख्या में हिंदू हनुमान मंदिर जाते हैं! या यह कि चूंकि प्रधानमंत्री अपने हिसाब से राष्ट्र के नाम संबोधन में हर बार अच्छी और बड़ी बातों की घोषणा करते हैं इसलिए मंगलवार का दिन चुनते हैं! याद करें प्रधानमंत्री ने अपनी पहली बड़ी घोषणा आठ नवंबर 2016 के अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में किया था। वह मंगलवार का ही दिन था। यह अलग बात है कि देश के लोगों का उससे कोई मंगल नहीं हुआ पर भाजपा का बड़ा मंगल हुआ। अगले साल के चुनावों में भाजपा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम और गुजरात में चुनाव जीती। बहरहाल, कोरोना वायरस के संकट में प्रधानमंत्री मोदी ने तीन बार राष्ट्र को संबोधित किया और एक बार वीडियो संदेश जारी किया। राष्ट्र के नाम उनका तीनों संबोधन मंगलवार को हुआ। सबसे ताजा 12 मई को था, जिसमें उन्होंने 20 लाख करोड़ के पैसेज की घोषणा की। उस दिन मंगलवार था। उससे पहले प्रधानमंत्री ने 14 अप्रैल को देश को संबोधित किया था, जब लॉकडाउन 19 दिन बढ़ाने की घोषणी की उस दिन भी मंगलवार था और उससे पहले 24 मार्च को उन्होंने राष्ट्र को संबोधित करते हुए 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया था और उस दिन भी मंगलवार था।
Published

और पढ़ें