रियल पालिटिक्स

क्या सब कुछ कांग्रेस करा रही है?

ByNI Political,
Share
क्या सब कुछ कांग्रेस करा रही है?
भाजपा के नेता कमाल कर रहे हैं। देश के अलग अलग हिस्सों में हो रहे प्रदर्शन और छात्रों के आंदोलन के लिए वे कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर असम के हिमंता बिस्वा सरमा तक सब कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। सब कह रहे हैं कि कांग्रेस ही लोगों को उकसा रही है और छात्रों से आंदोलन करा रही है। उनका यह भी कहना है कि कांग्रेस लोगों को नागरिकता कानून पर गुमराह कर रही है। असलियत यह है कि कांग्रेस तो अपने बारे में लोगों को गुमराह किए जाने वाले आरोपों का जवाब तक नहीं दे पाती है तो वह देश को गुमराह कैसे करेगी? यहीं बात गुलाम नबी आजाद ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास इतनी सामर्थ्य होती तो वह सरकार नहीं बना लेती! असल में एक रणनीति के तहत कांग्रेस पर निशाना साधा जा रहा है। नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहे आंदोलन में कांग्रेस का बहुत कम हाथ है। असम में असमिया संगठन और छात्र-युवा आंदोलन कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी खुद आंदोलन का नेतृत्व कर रही हैं। तमिलनाडु में डीएमके ने आंदोलन का नेतृत्व किया है तो दिल्ली में कुछ मुस्लिम नेताओं ने कमान संभाली है। कांग्रेस ले-देकर एक केरल में आंदोलन कर रही है और वह भी लेफ्ट के साथ मिल कर। पर समूचे विपक्ष की ओर से कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से अच्छा होता है। भाजपा का लक्ष्य इस कानून के विरोध को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाना है और किसी तरह से लोगों के मन में यह धारणा बैठाए रखने का है कि कांग्रेस मुस्लिमपरस्त पार्टी है। अभी यह काम और जरूरी है क्योंकि कांग्रेस ने महाराष्ट्र में शिव सेना के साथ मिल कर सरकार बनाई है।
Published

और पढ़ें