रियल पालिटिक्स

विरोधी नहीं थे नेताजी और नेहरू

ByNI Political,
Share
विरोधी नहीं थे नेताजी और नेहरू
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर सोशल मीडिया इस झूठे प्रचार से भरा हुआ था कि नेताजी और पंडित नेहरू में कैसी दुश्मनी थी और दोनों कैसे एक-दूसरे के विरोधी थे। यह प्रचार खूब चला कि नेताजी की विमान दुर्घटना में मौत नहीं हुई थी, वे जीवित थे लेकिन नेहरू की वजह से ही भारत नहीं लौटे या गुमनामी में रहे। नेताजी और नेहरू को लेकर कई किस्म और अफवाहें भी फैलाई गईं। हालांकि यह बात सही है कि कांग्रेस ने उनके योगदान की अनदेखी की। उन्हें उतना सम्मान नहीं दिया, जितने के वे हकदार थे। आजादी के तुरंत बाद अगर कोई नेता भारत रत्न का हकदार था तो वे नेताजी थे। लेकिन नेहरू और नेताजी की दुश्मनी की बात दुष्प्रचार से ज्यादा कुछ नहीं है। इतिहास में ये बातें दर्ज हैं कि कांग्रेस की सक्रिय राजनीति के दिनों में नेताजी और नेहरू एक दूसरे के सबसे करीब थे। महात्मा गांधी के विरोध की वजह से जब नेताजी को अध्यक्ष पद से हटाया गया तो उसका प्रस्ताव वल्लभ भाई पटेल लेकर आए थे और पूरी कांग्रेस में नेहरू अकेले नेता थे, जिन्होंने इसका विरोध किया था। यह भी हकीकत है कि नेहरू ने अपने जीवन में सिर्फ एक ही बार अदालत में किसी की पैरवी के लिए काला कोट पहना था और वह मौका था आजाद हिंद फौज के सैनिकों के खिलाफ चले मुकदमे का। दिल्ली के लाल किले में नेहरू ने उनका मुकदमा लड़ा था। यह भी हकीकत है कि कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद नेहरू ने नेताजी को आजाद भारत के विकास की योजना बनाने का जिम्मा दिया था और नेताजी ने ही प्लानिंग कमीशन की पूरी योजना बना कर नेहरू को दी थी। उसी प्लानिंग कमीशन को भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने खत्म कर दिया। यह तथ्य भी जगविदित है जब नेताजी ने आजाद हिंद फौज का गठन किया तो उसमें उन्होंने गांधी के साथ साथ नेहरू के नाम पर भी एक ब्रिगेड का नाम रखा था। आजादी के बाद नेताजी के योगदान को लेकर जो पहली किताब छपी थी उसका नाम था ‘आईएनए एंड इट्स नेताजी’ इसे नेताजी की आजाद हिंद फौज के महान सिपाही मेजर जनरल शाहनवाज खान ने लिखा था और इस किताब की भूमिका पंडित जवाहर लाल नेहरू ने लिखा था। इसके बावजूद दोनों की दुश्मनी का प्रचार होना और लोगों का इस झांसे में आना इस बात का सबूत है कि अगर आईटी सेल मजबूत हो तो झूठ को भी सत्य की तरह स्थापित किया जा सकता है। जैसे पहले नेहरू और पटेल के बारे में स्थापित किया गया है।
Published

और पढ़ें