भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपनी टीम में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के कुछ और लोगों को शामिल करने का रास्ता बना लिया है। संघ के प्रवक्ता रहे और पार्टी में महासचिव की जिम्मेदारी निभा चुके राम माधव को राष्ट्रीय टीम में नहीं लिए जाने के बाद माना जा रहा था कि नड्डा की टीम में संघ के लोग कम होंगे। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि भाजपा की राष्ट्रीय टीम में संघ के पदाधिकारियों की संख्या बढ़ेगी। पिछले दिनों भाजपा अध्यक्ष ने संघ से आए पार्टी के तीन संयुक्त सचिवों को तरक्की देकर पार्टी का उच्च पदाधिकारी बना दिया है। इसलिए अब उनकी जगह लेने के लिए संघ से नए लोग भाजपा के संगठन में शामिल होंगे।
नड्डा ने पिछले दिनों संघ के चर्चित पदाधिकारियों में से एक और लंबे समय से भाजपा के संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे सौदान सिंह को तरक्की देकर पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनको पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ का प्रभार दिया गया है। सो, निश्चित रूप से उनकी जगह लेने के लिए कोई संयुक्त सचिव बहाल किया जाएगा। ध्यान रहे भाजपा का संगठन महामंत्री और संयुक्त सचिव संघ से आए लोग ही होते हैं। अभी रामलाल की जगह बीएल संतोष को संगठन महामंत्री बनाया गया है।
बहरहाल, संघ से आए और काफी समय से भाजपा में संयुक्त सचिव का काम कर रहे वी सतीश के लिए संगठक का एक नया पद बनाया गया है। जाहिर है उनकी जगह भी कोई नया संयुक्त सचिव नियुक्त होना चाहिए। हां, अगर नए अध्यक्ष पार्टी संगठन की रूप-रेखा बदल रहे हों और इन लोगों का पदनाम बदल कर इनसे ही संयुक्त सचिव का काम लेना हो तो अलग बात है। बहरहाल, तीसरे संयुक्त सचिव शिव प्रकाश को सबसे बड़ी तरक्की मिली है। उन्होंने पार्टी के कम से कम तीन महासचिवों के बराबर की जिम्मेदारी मिली है। उनको एक साथ पांच बड़े राज्यों- महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का प्रभारी बनाया गया है।