रियल पालिटिक्स

संसदीय बोर्ड में नियुक्ति नहीं हुई

ByNI Political,
Share
संसदीय बोर्ड में नियुक्ति नहीं हुई
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में बड़े बदलाव के साथ ही पार्टी की सर्वोच्च इकाई संसदीय बोर्ड में नए सदस्यों की नियुक्ति की चर्चा भी थी। परंतु पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संसदीय बोर्ड में नियुक्ति नहीं की है। इसके अलावा पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी ऐलान नहीं किया गया है। माना जा रहा था कि संगठन बनाने में इतना समय लग रहा है तो सब साथ ही होगा। पर ऐसा लग रहा है कि ये दो काम बाद में होंगे। ध्यान रहे भाजपा के संसदीय बोर्ड में कई जगह खाली है। तीन सदस्यों के निधन से तीन जगहें खाली हुई हैं। अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और अनंत कुमार संसदीय बोर्ड के सदस्य थे। पर पिछले कुछ समय में इन तीनों का निधन हो गया। चौथे सदस्य वेंकैया नायडू उप राष्ट्रपति बन गए हैं। सो, चार जगहें खाली हैं। सुषमा स्वराज के निधन के बाद से संसदीय बोर्ड में कोई महिला सदस्य भी नहीं है। तभी संसदीय बोर्ड में नियुक्तियों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। कई महीनों से इस बात की चर्चा है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बोर्ड का सदस्य बनाया जा सकता है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को पार्टी संगठन में जगह नहीं मिली है। माना जा रहा है कि वे वापस महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार बनने और मुख्यमंत्री बनने के इंतजार में हैं। पर उससे पहले उनको संसदीय बोर्ड में शामिल किया जा सकता है, जैसे शिवराज सिंह चौहान को किया गया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी संसदीय बोर्ड में लाए जाने की चर्चा है। कहा जा रहा है कि नड्डा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी बड़ा बदलाव कर सकते हैं।
Published

और पढ़ें