रियल पालिटिक्स

नाथवानी आंध्र प्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे!

ByNI Political,
Share
नाथवानी आंध्र प्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे!
तो अब परिमल नाथवानी आंध्र प्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे। रिलायंस समूह के प्रेसीडेंट नाथवानी पिछले दो बार से झारखंड से राज्यसभा में जाते रहे हैं। वे झारखंड में भाजपा और आजसू के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ कर जीतते रहे हैं। इस बार झारखंड से उनके सांसद बनने की गुंजाइश नहीं हुई तो कहा जा रहा है कि वे आंध्र प्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे। वे पिछले दिनों आंध्र प्रदेश गए थे और मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से बात की थी। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बताया भी कि वे वाईएसआर कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय राज्यसभा में जाना चाहते हैं। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश की 175 सदस्यों की विधानसभा में वाईएसआर कांग्रेस के 157 विधायक है। इसलिए राज्य में खाली हो रही सभी चारों सीटें वाईएसआर कांग्रेस को ही मिलेंगी। इनमें से दो सीटों का वादा उन्होंने अपनी पार्टी के दो विधान परिषद सदस्यों से किया है। गौरतलब है कि राज्य में विधान परिषद खत्म हो रही है। इसके अलावा कहा जा रहा है कि वे एक राज्यसभा सीट अपनी बहन वाईएस शर्मिला को देंगे। बची हुई चौथी सीट वे परिमल नाथवानी को दे सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि रिलांयस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने खुद इस बारे में जगन मोहन रेड्डी से बात की है। जगन किस शर्त पर नाथवानी को राज्यसभा में भेजने को तैयार हुए हैं, यह नहीं कहा जा सकता है। पर यह सब जानते हैं कि 2009 के विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद जगन के पिता वाईएस राजशेखर रेड्डी के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन के बाद उनके समर्थकों ने रिलायंस समूह के ऊपर हमले किए थे और साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था। हालांकि बाद में सब कुछ ठीक हो गया था।
Published

और पढ़ें