
भारतीय जनता पार्टी सेना, शहीद और राष्ट्रवाद से जुड़े किसी मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने से नहीं चूकती है। याद करें कैसे पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पुलवामा के शहीद सैनिकों की फोटो मंच पर लगा कर वोट मांगे थे। अब भाजपा देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की दुर्भाग्यपूर्ण मौत का राजनीतिक लाभ लेने के अभियान में जुटी है। उत्तराखंड के रहने वाले जनरल रावत के नाम का फायदा उठाने के लिए उनके कटआउट्स गाड़ियों में लगा कर पूरे उत्तराखंड में घुमाने का अभियान शुरू हो गया है। इतना ही नहीं देश के भाजपा शासित राज्यों में बड़ी सक्रियता के साथ पुलिस ऐसे लोगों को पकड़ रही है, जिन्होंने सोशल मीडिया में जनरल रावत के बारे में उलटा-सीधा लिखा है। Politics General Bipin Rawat
Read also भारतीय विदेश नीति की अच्छी पहल
इस बीच शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गोवा के दौरे पर गई थीं, जहां उन्होंने आदिवासी महिलाओं के साथ एक नृत्य किया था। भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया है और यह प्रचार शुरू किया कि देश में शोक मनाया जा रहा था तब कांग्रेस के नेता गोवा में मौज कर रहे थे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रियंका गांधी पर निशाना साधा। हालांकि इसके अगले ही दिन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया और खुद कहा कि देश शोक में है लेकिन देश ठहर नही सकता है। जाहिर है देश नहीं ठहरने का मामला सिर्फ भाजपा के लिए है।