रियल पालिटिक्स

चव्हाण का दिल्ली में होगा पुनर्वास!

ByNI Political,
Share
चव्हाण का दिल्ली में होगा पुनर्वास!
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और मनमोहन सिंह की सरकार के समय प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री रहे पृथ्वीराज चव्हाण इन दिनों राजनीतिक बियाबान में भटक रहे हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में भी उन्हें कोई नहीं पूछ रहा है और केंद्रीय राजनीति में तो उनकी कहीं चर्चा भी नहीं है। वे बीच बीच में मीडिया में आने के लिए कुछ उलटे-सीधे बयान देते रहते हैं, जिसे तत्काल प्रदेश कांग्रेस के नेता खारिज कर देते हैं। उनकी सबसे ज्यादा चर्चा अगस्त में हुई थी, जब उन्होंने असंतुष्ट कांग्रेस नेताओं की ओर से कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी पर दस्तखत किए थे। इन नेताओं ने नेतृत्व में बदलाव और पार्टी के सभी पदों के लिए चुनाव की मांग की थी। उस चिट्ठी के बाद कांग्रेस की ओर से डैमेज कंट्रोल शुरू हुआ तो उससे अब लग रहा है कि पृथ्वीराज चव्हाण का भी पुनर्वास हो सकता है। पिछले दिनों कमलनाथ की पहल पर असंतुष्ट नेताओं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक सोनिया गांधी के साथ हुई थी। उसमें बुलाए गए गिने-चुने नेताओं में चव्हाण भी शामिल थे। इस बैठक के बाद उन्होंने मीडिया को भी पार्टी की तरफ से ब्रीफ किया। वे चाहते हैं कि पार्टी के केंद्र संगठन में उनको कोई बड़ी जिम्मेदारी मिले। वे महासचिव बनाए जाने की उम्मीद कर रहे हैं। पर ऐसा लग रहा है कि उनको पार्टी मुख्यालय की जिम्मेदारी मिल सकती है। वैसे भी पार्टी को मुख्यालय के लिए नए नेताओं की जरूरत है क्योंकि पार्टी मुख्यालय में सबसे ज्यादा समय देने वाले मोतीलाल वोरा का निधन हो गया और जनार्दन द्विवेदी पार्टी के सिस्टम से बाहर हैं। ऑस्कर फर्नांडीज भी अगले साल 80 साल के होने वाले हैं।
Published

और पढ़ें