ऐसा लग रहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा के उपाध्यक्ष का पद समाजवादी पार्टी से नाराज होने वाले नेताओं के लिए आरक्षित रखा हुआ है। पिछली विधानसभा में लंबे समय तक पद खाली रखने के बाद चुनाव से थोड़े समय पहले भाजपा ने समाजवादी पार्टी के विधायक नितिन अग्रवाल को विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया था। नितिन अग्रवाल उत्तर प्रदेश की लगभग सभी पार्टियों में रह चुके नरेश अग्रवाल के सुपुत्र हैं। वे थोड़े समय उपाध्यक्ष रहे और उसके बाद इस्तीफा देकर भाजपा की टिकट से हरदोई से विधानसभा का चुनाव लड़ा। अब वे भाजपा में हैं इसलिए उनकी बजाय इस बार उपाध्यक्ष का पद सपा से नाराज दूसरे नेता को दिया जाएगा। Shivpal yadav Nitin Agarwal
Read also भारत और श्रीलंका का फर्क
बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी की टिकट से चुनाव लड़े प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव को भाजपा विधानसभा का उपाध्यक्ष बना सकती है। चुनाव नतीजे आने के साथ ही शिवपाल यादव अपने भतीजे अखिलेश यादव से नाराज हो गए थे। उसके बाद वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उन्होंने ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दूसरे भाजपा नेताओं को फॉलो करना शुरू किया। अब कहा जा रहा है कि भाजपा उनको उपाध्यक्ष बनाएगी। इस तरह से वे भाजपा के साथ भी चले जाएंगे और विधानसभा की सदस्यता भी नहीं गंवानी होगी। मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के बारे में भी चर्चा है कि भाजपा की सरकार उनको गौसेवा आयोग का अध्यक्ष बना सकती है। इस तरह उनको मंत्री का दर्जा मिल जाएगा।