रियल पालिटिक्स

प्रियंका क्या सीएम पद की दावेदार?

ByNI Political,
Share
प्रियंका क्या सीएम पद की दावेदार?
कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का दावेदार बना सकती है। पार्टी ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के जानकार सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति की कमान राहुल गांधी के हाथ में ही रहनी है। दूसरी बात कांग्रेस के नेता यह कह रहे हैं कि अगर 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस को भाजपा के सामने गंभीर चुनौती देनी है तो उससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में रोकना होगा। अगर भाजपा उत्तर प्रदेश में अपना पुराना प्रदर्शन दोहराती है तो कांग्रेस के लिए 2024 की संभावना भी खत्म होगी। कांग्रेस के नेता यह भी मान रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोकने या घेरने के लिए उसके पास प्रियंका ही ब्रह्मास्त्र हैं। सो, अगले दो साल में प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में जो राजनीति करेंगी उस पर नजर रखने की जरूरत है। कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक चुनाव से एक साल पहले उनके नाम की घोषणा होगी। हो सकता है कि बिहार का चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद घोषणा हो जाए। इससे पहले कांग्रेस ने प्रदेश में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा रणनीति के स्तर पर यह तय किया गया है कि प्रियंका गांधी महिलाओं को तरजीह देंगी। जिला स्तर के संगठन में भी महिलाओं को ज्यादा जगह दी जाएगी। प्रियंका कानून-व्यवस्था के मसले पर भी योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ सबसे ज्यादा हमलावर रही हैं। सोनभद्र और उन्नाव कांड पर सरकार के खिलाफ वे सबसे ज्यादा सक्रिय रहीं। कानून व्यवस्था बिगड़ने के सवाल पर वे महिलाओं को अपने साथ करने का प्रयास कर रही हैं। महिलाओं को अलग वोट बैंक के तौर पर तैयार करने की उनकी राजनीति कांग्रेस को फायदा पहुंचा सकती है।
Published

और पढ़ें